
सैंटियागो, 8 मार्च (वार्ता) अनुभवी एलेक्सिस सांचेज और चार्ल्स अरंगुइज को पैराग्वे और इक्वाडोर के खिलाफ विश्व कप क्वालीफायर के लिए चिली की टीम में वापस बुलाया गया है।
फॉरवर्ड सांचेज ने पिछले साल जून से अपने देश का प्रतिनिधित्व नहीं किया है, जबकि मिडफील्डर अरंगुइज ने आखिरी बार अक्टूबर 2023 में रोजा के लिए खेला था।
चिली फुटबॉल महासंघ ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा है कि मैनेजर रिकार्डो गारेका ने अर्जेंटीना में जन्मे फॉरवर्ड फर्नांडो ज़म्पेड्री को भी अपने 24 सदस्यीय दल में शामिल किया है। 37 वर्षीय फर्नांडो को पिछले महीने चिली की नागरिकता दी गई थी।
ज़म्पेड्री ने अर्जेंटीना के रोसारियो सेंट्रल से चिली के क्लब में 2020 में आने के बाद यूनिवर्सिडैड कैटोलिका के लिए सभी प्रतियोगिताओं में 122 गोल किए हैं।
चिली 20 मार्च को असुनसियन में पैराग्वे से और पांच दिन बाद सैंटियागो में इक्वाडोर से भिड़ेगा। गारेका की टीम वर्तमान में 10 टीमों के दक्षिण अमेरिकी क्षेत्र की तालिका में 12 क्वालीफायर में नौ अंक लेकर नौवें स्थान पर है।
