शिवपुरी: मध्य प्रदेश का 9वां टाइगर रिजर्व बनने जा रहे शिवपुरी जिले के माधव नेशनल पार्क में 10 मार्च को बाघ का जोड़ा छोड़ा जायेगा, इसमें एक नर और एक मादा बाघ होगा। एनसीटीए ने इसकी मंजूरी दे दी है, सीएम डॉ मोहन यादव ने इसकी जानकारी एक्स पर साझा की है। मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा- देश के टाइगर स्टेट ‘मध्यप्रदेश’ के लिए अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि माधव राष्ट्रीय उद्यान को टाइगर रिजर्व घोषित किया जा रहा है, जिससे निश्चित ही संपूर्ण क्षेत्र में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।
एनटीसीए भारत सरकार द्वारा दो अतिरिक्त बाघ जिसमें एक नर एवं एक मादा बाघ लाने की स्वीकृति दी गई है, जो 10 मार्च को माधव टाइगर रिजर्व में छोड़े जाएंगे। इस प्रकार माधव टाइगर रिजर्व के कुल बाघों की संख्या सात हो जाएगी, जिसमें पांच वयस्क बाघ (दो नर एवं तीन मादा) एवं दो शावक होंगे। सीएम ने लिखा- पन्ना टाइगर रिजर्व और रणथंभौर टाइगर रिजर्व के बीच में स्थित माधव टाइगर रिजर्व बनाए जाने से सम्पूर्ण क्षेत्र में वन्यजीव एवं बाघों का संरक्षण प्रभावी ढंग से हो सकेगा।
