जम्मू 06 मार्च (वार्ता) जम्मू कश्मीर विधानसभा के बजट सत्र में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि सरकार बंगस को एक ऑफ-बीट गंतव्य के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है और पर्यटकों के लिए कुछ बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए धन आवंटित किया गया है लेकिन धन का उपयोग वन मंजूरी से जुड़ा हुआ है जो क्षेत्र के नियोजित विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री पिछले दो वर्षों में बंगस घाटी के विकास के लिए उपयोग किए गए धन के बारे में सदस्य शेख खुर्शीद द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे।
पर्यटन विभाग के प्रभारी मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री ने विधानसभा को सूचित किया कि चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए स्वीकृत आवंटन 30 लाख रुपये है, जिसमें से 24 लाख रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं। प्रश्नकाल के दौरान जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगस घाटी की पूरी जमीन वन विभाग के अधीन आती है। तदनुसार वन विभाग के परामर्श से प्रस्तावित कार्यों के लिए भूमि के टुकड़ों की पहचान करने में हस्तक्षेप के लिए कुपवाड़ा के डिप्टी कमिश्नर के समक्ष मामला उठाया गया है।
उन्होंने बताया “ वन विभाग द्वारा भूमि के टुकड़ों की पहचान किए जाने के बाद, वन मंजूरी के लिए परिवेश पोर्टल पर आवश्यक अनुमति और एनओसी मांगी जाएगी।” मुख्यमंत्री ने कहा कि पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने के लिए विभाग ने बड़ी इमारतों और होटलों के निर्माण से बचने पर ध्यान केंद्रित किया है।
उन्होंने सदन को बताया “ इसका उद्देश्य क्षेत्र को एक पारिस्थितिकी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना होगा। विभाग आगंतुकों के लिए बुनियादी मनोरंजन सुविधाएं, वर्षा आश्रय, सार्वजनिक सुविधाएं, साइनेज, प्रकाश व्यवस्था और अपशिष्ट निपटान सुविधाएं बनाने पर ध्यान केंद्रित करेगा। स्थानीय चरवाहों, खानाबदोशों और बंगस घाटी के अन्य निवासियों की आजीविका की रक्षा के लिए, जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग ने क्षेत्र में पेइंग गेस्ट हाउस पंजीकृत करने की प्रक्रिया शुरू की है। ” इससे स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और व्यंजनों को संरक्षित और बढ़ावा देने में मदद मिलेगी और पर्यटकों के लिए एक मनोरंजक यात्रा अनुभव होगा। सदन को बताया गया कि बंगस घाटी के निकट 19 पेइंग गेस्ट हाउस पर्यटन विभाग, कश्मीर के पास पंजीकृत हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस दर्शनीय स्थल को व्यापक प्रचार प्रदान करने के लिए बंगस महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
