उज्जैन: निर्माणाधीन पेट्रोल पंप की छत भरते समय मजदूर 20 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। उसे उपचार के लिये चरक अस्पताल लाया गया। कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई। उन्हेल थाना क्षेत्र के ग्राम करनावद में पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य चल रहा है। मंगलवार को छत भरने का काम किया जा रहा था। तभी मजदूरी कर रहा सचिन पिता निर्भयसिंह 32 वर्ष निवासी ग्राम गारी पिपलिया क्षिप्रा इंदौर संतुलन बिगडऩे पर नीचे जमीन पर आ गिरा।
उसे स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उज्जैन रैफर कर दिया गया। उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा ने बताया कि शाम को खबर मिली कि घायल सचिन की मौत हो गई है। अस्पताल पुलिस चौकी द्वारा मर्ग कायम किया गया है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया। मर्ग डायरी मिलने पर जांच शुरू की जायेगी। घटनास्थल पर एक टीम भेजी गई थी। जहां अन्य मजदूरों से पूछताछ की गई है। मर्ग डायरी मिलने पर उसके बयान दर्ज किये जायेगें। लापरवाही सामने आने पर संबंधित काम कराने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जायेगा।
