इंदौर:जूनी इंदौर पुलिस ने एक महिला सहित तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से दो किलो अवैध गांजा जब्त किया गया है, जिसकी सप्लाई उज्जैन से इंदौर में की जा रही थी.पुलिस उपायुक्त जोन-4 ऋषिकेष मीणा ने बताया कि जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम को सक्रिय किया गया. सहायक उपनिरीक्षक गजेन्द्र सिंह यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि वासुदेव नगर मेन गेट बस स्टॉप के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति मौजूद हैं.
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया. जांच करने पर महिला के पास मौजूद बैग में दो किलो गांजा बरामद किया गया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम है नीता मथरिया (32 वर्ष) निवासी मायापुरी उज्जैन, सोनू उर्फ बबलू सूर्यवंशी (34 वर्ष) निवासी मक्सी रोड उज्जैन और कपिल यादव (28 वर्ष) निवासी ग्राम रामपुरा जिला खरगोन.
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजे की तस्करी उज्जैन से इंदौर में कर रहे थे. आरोपी नीता मथरिया और सोनू सूर्यवंशी उज्जैन से गांजा लाकर कपिल यादव को बेचते थे. पुलिस ने गांजा जब्त कर तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पीछे कौन सा बड़ा तस्कर गिरोह सक्रिय है और यह नेटवर्क किन-किन शहरों तक फैला हुआ है. इस कार्रवाई को इंदौर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है.
