भिंड, 04 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिंड जिले के अटेर अनुभाग के पावई थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्रन पुरा गांव में आज एक किराना व्यापारी ने घर के अंदर लाइसेंसी बंदूक से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में थे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मिश्रन पुरा गांव में रहने वाले 40 वर्षीय रविंद्र शर्मा पेशे से किराना व्यापारी थे। उनकी दुकान पिथनपुरा चौराहे पर थी। दोपहर के समय वह दुकान पर अपने छोटे भाई नरेंद्र को बैठाकर घर खाना खाने के लिए गए थे। घर पहुंचकर उन्होंने कमरे में रखी बंदूक से खुद को गले के पास चेहरे से सटाकर गोली मार ली। गोली उनके चेहरे को चीरते हुए ऊपर से निकल गई। गोली की आवाज सुनकर घर में मौजूद उनकी मां, पत्नी समेत अन्य परिजन कमरे में पहुंचे, जहां उन्होंने रविंद्र का शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

