मां चामुंडा की नगरी भी हो शराब मुक्त, सांसद ने शुरू की मुहिम

शाजापुर-देवास लोकसभा क्षेत्र में नशीले पदार्थ को लेकर सांसद की मुहिम को मिल रहा है जनसमर्थन

 

शाजापुर, 3 मार्च. अवैध शराब और नशीले पदार्थों को तत्काल प्रतिबंधित करने को लेकर अब देवास-शाजापुर सांसद ने एक मुहिम शुरू की है. इस मुहिम के तहत पूरे लोकसभा क्षेत्र में अवैध रूप से बिक रही शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पर तत्काल प्रतिबंध होना चाहिए. सरकार भी नशीले पदार्थ के खिलाफ मुहिम चलाने के निर्देश दे चुकी है. अब सांसद की इस मुहिम को प्रशासन कितनी गंभीरता से लेता है, ये आने वाले समय में पता चलेगा, लेकिन सांसद की यह मुहिम पूरे लोकसभा क्षेत्र में चर्चा का विषय है और सामाजिक संगठनों ने इस पहल का स्वागत किया है.

गौरतलब है कि देवास-शाजापुर सांसद महेंद्र सोलंकी ने अवैध रूप से बिक रही शराब और ड्रग्स, स्मैक, गांजा की अवैध बिक्री को लेकर सख्त कार्यवाही करने की मुहिम शुरू की है. देवास जिले में अवैध रूप से शराब और ड्रग्स, गांजा खुलेआम बिक रहा है. प्रशासन इन पर कार्यवाही करने के बजाय इनसे अवैध वसूली करने में लगा हुआ है. पिछले दिनों सरकार ने भी निर्देश दिए थे कि ड्रग्स, स्मैक, गांजा की तस्करी करने वालों के खिलाफ मुहिम शुरू की जाए, लेकिन यह मुहिम कागजों से बाहर नहीं आ सकी. यही कारण है कि अब सांसद महेंद्र सोलंकी को इस मुहिम का आगाज करना पड़ा.

 

धार्मिक स्थल होने के कारण बंद होना चाहिए देवास में शराब…

 

मप्र सरकार ने एक दर्जन से अधिक धार्मिक स्थलों पर 1 अप्रैल से शराब बंदी का आदेश जारी किया है. देवास भी प्रसिद्ध मां चामुंडा एवं तुलजा माता का धार्मिक स्थल है. जहां हजारों की संख्या में लोग मां के दर्शन करने आते हैं. ऐसे में देवास को भी धार्मिक नगरी मानते हुए शराब बंदी करना चाहिए.

 

धड़ल्ले से बिक रही हैं अवैध शराब…

 

देवास में खुलेआम अवैध शराब का कारोबार इन दिनों चरम पर है. राजनीतिक संरक्षण के चलते खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है, लेकिन ठोस कार्यवाही ना होने से शराब माफियाओं के हौसले बुलंद हैं. अवैध शराब का आलम यह है कि देवास और संसदीय क्षेत्र के अन्य हिस्सों में अवैध शराब का यह कारोबार इतने व्यापक पैमाने पर राजनीतिक संरक्षण के चलते चल रहा है कि जिससे सामाजिक ताना-बाना बिगड़ रहा है. सांसद की इस मुहिम को सामाजिक संगठनों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है.

 

इनका कहना है

अवैध शराब और नशीले पदार्थ की बिक्री पूरे लोकसभा क्षेत्र में की जा रही है. इसके लिए सभी को आगे आना चाहिए, ताकि समाज में आने वाली नस्लों को इन नशीले पदार्थों से बचाया जा सके. देवास-शाजापुर क्षेत्र में नशीले पदार्थ की बिक्री और अवैध शराब पर हर हाल में प्रतिबंध लगना चाहिए.

– महेंद्र सोलंकी, सांसद, देवास-शाजापुर लोकसभा क्षेत्र

Next Post

डीजल चुराते रंगे हाथों पकड़ाया सुपरवाईजर 

Mon Mar 3 , 2025
जबलपुर। रिंग रोड बनाने वाली कंपनी का सुपरवाईजर 40 लीटर डीजल चुराते रंगे हाथों पकड़ा गया। कंपनी के सीनियर अधिकारियों ने आरोपी को पकड़ने के बाद बरेला पुलिस के सुपुर्द कर दिया जहां उसके खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी हैं। पुलिस ने बताया कि […]

You May Like