भोपाल, 03 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हाल ही में यहां संपन्न ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के दौरान आए लाखों करोड़ रुपयों के निवेश प्रस्तावाें के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार डॉ यादव ने 24 और 25 फरवरी को संपन्न दो दिवसीय समिट में प्राप्त 26 लाख 61 हजार करोड़ रुपयों से अधिक के प्रस्तावों के संबंध में अधिकारियों से विस्तार से चर्चा कर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अनुराग जैन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव डॉ राजेश राजौरा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी माैजूद थे।
इस अवसर पर डॉ यादव ने कहा कि हाल में संपन्न समिट मध्यप्रदेश के विकास को नई गति देगा। राज्य में आने वाले निवेश के सही नियोजन और क्रियान्वयन में राज्य सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
दो दिवसीय समिट के दौरान 26 लाख 61 हजार करोड़ रुपयों के निवेश संबंधी प्रस्ताव आए हैं। इसके अलावा एक वर्ष के दौरान रीजनल इंवेस्टर्स समिट और मुख्यमंत्री डॉ यादव की मौजूदगी में आयोजित इंटरेक्टिव सत्रों के दौरान साढ़े तीन लाख करोड़ रुपयों से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। राज्य सरकार का दावा है कि इन सभी प्रस्तावों के जमीन पर आकार लेने से 21़ 40 लाख रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
