इंदौर: एमआईजी क्षेत्र के कृष्णबाग कॉलोनी में पुराने मकान के विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है.आरोपियों ने घर में घुसकर पति-पत्नी पर हमला कर दिया. फरियादी की शिकायत पर पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है.एमआईजी पुलिस के अनुसार 39 वर्षीय पीड़ित सूरज निवासी कृष्णबाग कॉलोनी की शिकायत पर पुलिस ने अभिषेक जाटव, अक्षय, उमेश (तीनों निवासी सोलंकी नगर) और सुशील (कृष्णबाग कॉलोनी) के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि अभिषेक जाटव अपने साथियों के साथ आया और गाली-गलौज करने लगा.
विरोध करने पर अभिषेक ने तराजू से वार कर सिर पर चोट पहुंचाई, वहीं उमेश ने ईंट से बाएं पैर पर हमला किया. बाकी आरोपियों ने भी हाथ-मुक्कों से पीड़ित पर हमला किया, जिससे उसके सीने, बाजू और पीठ पर चोटें आईं. बीच-बचाव करने आई पीड़ित की पत्नी ज्योति को भी अभिषेक ने तराजू से घुटने पर मारा, जिससे वह घायल हो गईं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच जारी है.
