मैहर:मैहर जिले के गठन की दूसरी वर्ष गांठ पर 5 अक्टूबर को जिले का गौरव दिवस मनाया जायेगा। कलेक्टर रानी बाटड के निर्देशन में मैहर जिले की तीनों तहसीलों में विभिन्न विभागों और सहयोगी संस्थाओं द्वारा गौरव दिवस के तहत 4 और 5 अक्टूबर को विविध गतिविधियां आयोजित की जायेगी।कार्ययोजना के निर्धारित कार्यक्रमानुसार 4 अक्टूबर को क्विज प्रतियोगिता रंगोली, पेंटिंग, मेंहदी, सलाद सज्जा, फ्लावर सज्जा, खेल प्रतियोगिताओं में कबड्डी, बॉलीबाल (महिला एवं पुरूष वर्ग), रस्साकशी, देशी पारम्परिक व्यंजन, 10 वर्ष तक के बच्चों का रैम्प वाक, घर के अनुपयोगी वस्तुओं से निर्मित उपयोगी सामग्री की अटाला आर्ट प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण होंगे।
इसी प्रकार 5 अक्टूबर को मां शारदा चूनर यात्रा निकाली जायेगी। देवी पार्किंग स्थल से लगभग 6 किमी की लम्बी चूनर यात्रा में महिला वर्ग लाल साडी और पुरूष वर्ग पीला कुर्ता और सफेद पजामा की वेशभूषा में शामिल होंगे। इस अवसर पर विद्यालयों के 1 लाख 11 हजार 111 बच्चों द्वारा संकलित एक कटोरी दाल एवं चावल से गौरव दिवस के उपलक्ष्य में अन्नकूट के माध्यम से खिचडी प्रसाद का वितरण होगा।
संगीत महाविद्यालय द्वारा नृत्य नाटिका, सुदीप गुप्ता एवं साथी कोलकाता द्वारा डाल्स थियेटर की विशेष प्रस्तुति एवं देशी पारंपरिक व्यंजन की प्रदर्शनी भी आयोजित की जायेगी। क्विज प्रतियोगिता 29 सितंबर को प्रातः 11 बजे से विकासखण्ड स्तरीय और 4 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से जिला स्तरीय प्रतियोगिता सांदीपनी सीएम राइज विद्यालय मैहर में होगी।
