120 करोड़ की लागत से बनेगा 20 मंजिला भवन

आवासीय सह-वाणिज्यिक बहुमंजिला भवन बनाया जाएगा
आईडीए संचालक मण्डल की बैठक में लिया निर्णय

इंदौर: संभागायुक्त सह इन्दौर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष दीपक सिंह की अध्यक्षता में आज इंदौर विकास प्राधिकरण संचालक मण्डल की बैठक सम्पन्न हुई. बैठक में विकास कार्यों संबंधी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये. बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, वन मंडलाधिकारी प्रदीप मिश्रा, संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश शुभाशीष बेनर्जी, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग सी.एस. खरत एवं मुख्य कार्यपालिक अधिकारी इंदौर विकास प्राधिकरण आर.पी. अहिरवार उपस्थित थे।

संचालक मण्डल द्वारा योजना क्रमांक 136 के भूखंड क्रमांक सी.एम.आर.-4 में आवासीय सह-वाणिज्यिक बहुमंजिला भवन का निर्माण किये जाने की निविदा स्वीकृत की गई. यह परियोजना 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित की जाएगी और इसमें आधुनिक सुविधाओं से युक्त 20 मंजिला भवन का निर्माण कराया जाएगा. भवन की प्रारंभिक दो मंजिलें बेसमेंट पार्किंग के लिए आरक्षित रहेंगी. कुल निर्मित क्षेत्र 38 हजार 600 वर्गमीटर होगा. भवन की अधिकतम ऊँचाई 60 मीटर होगी.

इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 120 करोड़ रूपये आंकी गई है. इस भवन में 3, 4 एवं 5 बीएचके के कुल 90 प्रकोष्ठ का निर्माण किया जाएगा, जो क्रमशः 200, 270 व 320 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे. सभी प्रकोष्ठ समान संख्या में अर्थात प्रत्येक श्रेणी के 30-30 प्रकोष्ठों का निर्माण किया जाएगा. वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए 4600 वर्ग मीटर आरक्षित किया गया है, जिसके अंतर्गत जीम, शोरूम, ऑफिस आदि बनाए जाएंगे. यह भूखंड एयरपोर्ट से 17 किमी, बस स्टैंड व रेल्वे स्टेशन से 8 व 6 किमी व अस्पताल से मात्र 2 किमी की दूरी पर स्थित है। इस परियोजना से आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे का विकास होगा.

बड़ा गणपति फ्लाय ओवर के लिए ड्रैनेज व पाइप लाइन हटाएंगे
एक अन्य निर्णय में प्राधिकारी द्वारा बड़ा गणपति फ्लाय ओव्हर के अलाईनमेंट में आ रही ड्रेनेज लाईन एवं पानी की लाईन को हटाने हेतु 11.38 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई. राशि इन्दौर नगर पालिक निगम को दी जायेगी. एक अन्य निर्णय में प्राधिकारी द्वारा ओल्ड सीहोर रोड़ स्थित रॉबर्ट नर्सिंग होम के नये भवन बनाये जाने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई.

यह निर्णय भी लिए
संचालक मण्डल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 की गाईड लाईन को प्राधिकारी में लागू किये जाने का निर्णय लिया गया. ग्राम बिहाड़िया तहसील बिचौली हप्सी स्थित अविकसित ग्रीन लाईफ सिटी कॉलोनी में बंधक भूखण्डों हेतु एवं ग्राम शिव नगर तहसील डॉ. अम्बेडकर नगर (महू) स्थित अविकसित ग्रीन लाईफ सिटी कॉलोनी में बंधक भूखंडों के व्ययन हेतु न्यूनतम दरें निर्धारित की गई.

Next Post

भू माफिया ने एक प्लाट चार लोगों को बेचा

Sat Mar 1 , 2025
एफआईआर दर्ज जबलपुर: भू माफिया ने षडयंत्र रचते हुए फर्जीवाड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए एक प्लाट को चार लोगों को बेचते हुए लाखों रूपए हड़प लिए। लार्डंगज पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।पुलिस के मुताबिक संजय लोधी पिता स्व धनीराम लोधी 49 वर्ष निवासी शताब्दीपुरम लार्डगंज ने शिकायत […]

You May Like

Play sound