लखनऊ पहुंची यूपी वारियर्स, तीन मार्च से घर पर बढ़ायेंगी अभियान

लखनऊ, (वार्ता) वुमेंस प्रीमयर लीग (डब्ल्यूपीएल) के मौजूदा संस्करण में अब तक औसत प्रदर्शन करने में सफल यूपी वारियर्स की टीम तीन मार्च से अपने होम ग्राउंड लखनऊ में अपने अभियान को आगे बढ़ायेगी।

कप्तान दीप्ति शर्मा की अगुआई वाली टीम पहली बार अपने होम ग्राउंड इकाना स्टेडियम पर मैच खेलेगी जहां तीन मार्च को उसका सामना गुजरात जायंट्स से होगा जबकि छह को टीम मुबंई इंडियंस और आठ मार्च को गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी।

जॉन लुईस द्वारा प्रशिक्षित यूपी वारियर्स की सीज़न की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अब तक खेले गये पांच मैचों में उसे तीन में हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ़ उसे जीत का टॉनिक मिला है। टीम में ग्रेस हैरिस हैट्रिक जमाने वाली डब्ल्यूपीएल के इतिहास में तीसरी खिलाड़ी हैं। इसके अलावा चिनेल हेनरी ने भी शानदार प्रदर्शन किया था, जब उन्होंने 23 गेंदों में 62 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके दौरान उन्होंने डब्ल्यूपीएल के इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे तेज़ अर्धशतक (18 गेंद) बनाने का मील का पत्थर भी हासिल किया था।

इस बीच, टी20 में दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज़ सोफी एक्लेस्टोन ने भी उस समय बेहतरीन प्रदर्शन किया, जब यूपी वॉरियर्स ने सुपर ओवर में आरसीबी को हराया और सोफी ने प्लेयर ऑफ़ द मैच का पुरस्कार जीता। भारतीय खिलाड़ियों में, कप्तान दीप्ति शर्मा ने बल्ले और गेंद से आगे बढ़कर नेतृत्व किया है, जबकि किरण नवगिरे, वृंदा दिनेश, श्वेता सेहरावत और क्रांति गौड़ ने अब तक महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कप्तान दीप्ति शर्मा ने कहा “हम अपने घरेलू स्टेडियम में खेलने के लिए बेहद उत्साहित हैं, और टीम खेलने के लिए बेताब है। मैं प्रशंसकों से बड़ी संख्या में आने और स्टेडियम को खचाखच भरने का आग्रह करती हूं। हम आप सभी को स्टैंड से चीयर करते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं और मैं वादा करती हूं कि टीम मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी। हम प्लेऑफ़ के लिए क्वालीफाई करने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।”

टीम की मालिक कैप्री स्पोर्ट्स की निदेशक जिनिशा शर्मा ने कहा, “ पहली बार अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आना रोमांचक है। टीम ने इस सीज़न में शानदार प्रदर्शन किया है, और आरसीबी के खिलाफ़ रोमांचक सुपर-ओवर जीत के बाद, हम उस लय को आगे भी जारी रखने के लिए उत्सुक हैं। मुझे इस टीम की क्षमता पर पूरा भरोसा है, और इकाना स्टेडियम में, मुझे पता है कि वे इस अवसर पर मजबूती से खड़ी होंगी और हमारे अति उत्साही फैन्स की उम्मीदों पर खरी उतरेंगी। हमारा ध्यान लीग चरण को मजबूती से खत्म करने और प्लेऑफ में अपनी जगह सुरक्षित करने पर है।”

टीम: दीप्ति शर्मा (कप्तान), उमा छेत्री (विकेटकीपर), चिनेले हेनरी, पूनम खमनार, किरण नवगिरे, दिनेश वृंदा, जॉर्जिया वोल, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, ताहलिया मैकग्राथ, श्वेता सहरावत, अंजलि सरवानी, सोफी एक्लेस्टोन, राजेश्वरी गायकवाड़, साइमा ठाकोर, अरुशी गोयल, क्रांति गौड़, गौहर सुल्ताना।

Next Post

गुजरात जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हराया

Fri Feb 28 , 2025
बेंगलुरु (वार्ता) कप्तान एश्ली गार्डनर (एक विकेट/ 58 रन) के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत गुजरात जायंट्स ने गुरुवार को वूमेंस प्रीमियर लीग के 12वें मैच में 21 गेंदे शेष रहते रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हरा दिया रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के 125 रनों के जवाब मे बल्लेबाजी करने […]

You May Like