नर्मदा, 27 फरवरी (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुजरात में नर्मदा जिले के एकतानगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास वागड़िया गांव में जी.एम.आर. वरलक्ष्मी फाउंडेशन द्वारा संचालित एकता कौशल विकास केंद्र का गुरुवार को दौरा किया।
श्रीमती मुर्मु ने यहां विभिन्न पाठ्यक्रमों, फूड एंड बेवरेज सर्विस, हाउसकीपिंग और गेस्ट सर्विस अटेंडेंट्स, ई-ऑटो, पिंक ऑटो ड्राइवर, शॉफर, टैक्सी ड्राइवर, इलेक्ट्रिशियन, ब्यूटी थेरेपिस्ट, ऑफिस ऑपरेशंस एक्जीक्यूटिव और डोमेस्टिक डाटा एंट्री ऑपरेटर के प्रशिक्षार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल आचार्य देवव्रत और राज्य के प्रोटोकॉल मंत्री जगदीश विश्वकर्मा के साथ विभिन्न क्लासरूम में जाकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों से संवाद किया और उन्हें प्रोत्साहित किया।
राष्ट्रपति ने छात्रों द्वारा बनाई गई सलाद डिश, फ्रूट आर्ट, नैपकिन आर्ट, केक और डेजर्ट आर्ट को देखा। फूड और बेवरेज के प्रशिक्षार्थियों द्वारा सैंडविच, खमण, भजिया, गोटा जैसे व्यंजनों को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया था।
गौरतलब है कि जी.एम.आर. वरलक्ष्मी फाउंडेशन, सरदार सरोवर नर्मदा निगम और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी एरिया डेवलपमेंट टूरिज्म गवर्नेंस अथॉरिटी के बीच हुए समझौते के तहत वरलक्ष्मी फाउंडेशन द्वारा वर्ष 2021 से एकता कौशल विकास केंद्र संचालित किया जा रहा है, जहां स्थानीय आदिवासी युवाओं का कौशल विकास कर घर के पास ही रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। यहां संचालित आठ पाठ्यक्रमों में वर्तमान में 450 छात्र प्रशिक्षण ले रहे हैं।
जीएमआर-वरलक्ष्मी फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अश्विनी सक्सेना ने केंद्र की कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी गतिविधियों के बारे में राष्ट्रपति को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वागड़िया केंद्र में वर्तमान में 450 प्रशिक्षार्थी आठ पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस केंद्र के माध्यम से अब तक पिछले चार वर्षों में 2048 से अधिक युवक-युवतियों को प्रशिक्षित किया गया है। सभी पाठ्यक्रमों के पूरा होने के बाद 80 प्रतिशत सफल प्लेसमेंट होते हैं,
जिससे प्रशिक्षार्थियों को घर के पास ही रोजगार मिल रहा है। यहां संचालित कुल आठ पाठ्यक्रमों में 53 प्रतिशत प्रशिक्षार्थी महिलायें हैं।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से देश के विभिन्न राज्यों में 15 कौशल विकास केंद्र संचालित हैं, जिनके माध्यम से अब तक देश के एक लाख युवक-युवतियों को प्रशिक्षित किया गया है और हर वर्ष सात हजार प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण देकर स्व-रोजगार और विभिन्न इकाइयों में रोजगार के लिए कुशल बनाया जाता है।
राष्ट्रपति ने प्रशिक्षार्थियों और प्रशिक्षकों को शुभकामनायें दीं और संस्थान के दौरे को यादगार बताते हुए विजिटर बुक में अपनी टिप्पणी लिखी। इस अवसर पर एसएसएनएनएल के अध्यक्ष मुकेश पुरी, कलेक्टर एस.के. मोदी, जिला विकास अधिकारी अंकित पन्नू, पुलिस अधीक्षक प्रशांत सुम्बे, एसओयू के सीईओ यज्ञेश्वर व्यास, एसओयू के अतिरिक्त कलेक्टर नारायण माधु सहित उच्च अधिकारी, गणमान्य अतिथि, प्रशिक्षार्थी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
