
जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत सीओडी कॉलोनी में रहने वाले एक आरक्षक ने तनाव में पत्नी की आंखों के सामने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि मृतक आरक्षक तनाव में रहने के साथ पारिवारिक समस्याओं के साथ अर्थिक तंगी से जूझ रहा था जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
अधारताल थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि सीओडी कॉलोनी निवासी बृजेश बढक़ुल 35 वर्षीय, पत्नी सविता बढक़ुल और बच्चों के साथ रहता था। वह विजय नगर थाने में आरक्षक के पद पर था। मंगलवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ जिसके बाद उसने पत्नी को धमकी दी कि वो फांसी लगा लेगा और कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर दिया। पत्नी ने खिडक़ी से देखा तो बृजेश फांसी लगा रहा था, पत्नी ने चीख पुकार मचाई लेकिन जब तक वह फांसी के फंदे पर झूल गया। महिला ने पड़ोसियों को सूचना दी जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो पत्नी ने देखा कि बृजेश फांसी पर झूल रहा था और उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पीएम के लिए भिजवाते हुये मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पास सुसाइड नोट नहीं मिला है।
