
० 29 हजार 435 परीक्षार्थी होंगे परीक्षा में शामिल, नकल रोंकने के लिए होंगे पुख्ता इंतजाम
नवभारत न्यूज
सीधी 24 फरवरी। म.प्र. माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की हायर सेकेण्डरी परीक्षा का आगाज पूरे प्रदेश में 25 फरवरी से हो रहा है। वहीं 10वीं की परीक्षा 27 फरवरी से आरंभ होंगी।
सीधी जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री परीक्षाओं के लिए इस वर्ष 65 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 12 परीक्षा केन्द्र संवेदनशील एवं 7 परीक्षा केन्द्र अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। बोर्ड परीक्षाओं में 29 हजार 435 परीक्षार्थी इस वर्ष 2024.25 में शामिल होंगे। जिसमें हाईस्कूल के 17480 परीक्षार्थी एवं हायर सेकेण्ड्री के 11955 परीक्षार्थी शामिल हैं। जिला शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं में नकल न हो इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करने के लिए 16 उडऩदस्ता पैनल की तैनाती की गई है।
जिला शिक्षा विभाग के साथ ही कलेक्टर पैनल एवं संभागीय उडऩदस्ता नकल पर कार्रवाई करेंगे। परीक्षा केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है।
००
65 केन्द्रों में होगी परीक्षा: डॉ.प्रेमलाल
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.पी.एल.मिश्रा ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 25 फरवरी से प्रारम्भ होगी। कुल 65 परीक्षा केन्द्र में 11955 परीक्षार्थी हिन्दी विषय की परीक्षा देंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी निर्देश अनुसार कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन में और अंशुमन राज सीईओ जिला पंचायत सीधी के मार्गदर्शन में कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित होगी। सभी परीक्षा केन्द्र में केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष एवं कलेक्टर प्रतिनिधि की डियुटी लगाई गई है। 7 अतिसंवेदनशील एवं 13 संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों में प्रेक्षक की डियुटी लगाई गई है। परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु परीक्षा नकल रोकने 16 उडऩ दस्ता पैनल गठित किये गये है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। रामकृष्ण तिवारी को कंट्रोल रूम प्रभारी नियुक्त किया गया है। कंट्रोल रूम में ब्लाकवार प्रभारियों की डियुटी लगाई गई है।
००
बोर्ड परीक्षाओं में रखें कड़ी निगरानी: सोमवंशी
कलेक्टर ने कहा कि 25 फरवरी से जिले में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं सम्पन्न होनी है। सभी बोर्ड परीक्षाओं की सुचिता बनी रहे तथा शांतिपूर्ण ढंग से निर्विघ्न परीक्षाएं सम्पन्न हों। जिले में पेपर लीक या सामूहिक नकल जैसी घटनाएं नहीं हो। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को बोर्ड परीक्षाओं के दौरान कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कक्षा 5वी एवं 8वी की बोर्ड परीक्षाओं को भी निर्विघ्न सम्पन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
००
ये परीक्षा केन्द्र हैं संवेदन एवं अति संवेदनशील
सीधी जिले में कलेक्टर के अनुमोदन के बाद 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 65 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जिनमें 12 परीक्षा केंद्र संवेदनशील तथा 7 परीक्षा केन्द्र अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इनमें प्रेक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कमर्जी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हटवा खास, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बघवार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धुम्मा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिनौती, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुड़वार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंधवार शामिल हैं। इसी तरह संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों में बहु कन्या रामपुर नैकिन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हनुमानगढ़, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लकोड़ा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ममदर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेमरिया, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सपही, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड्डी, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चुरहट, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय रामपुर नैकिन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहरी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पतुलखी, कन्या सीएम राइज स्कूल सीधी के स्वाध्यायी होने के कारण शामिल हैं।
००००००००००००
