15वीं अखिल भारतीय पुलिस कमांडो प्रतियोगिता सीआरपीएफ परिसर, गुरुग्राम में संपन्न

गुरुग्राम, 23 फरवरी 2025, 15वीं अखिल भारतीय पुलिस कमांडो प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह आज सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर, गुरुग्राम में आयोजित किया गया। इस अवसर पर इंटेलीजेंस ब्यूरो के निदेशक एवं अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष, श्री तपन कुमार डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनका स्वागत करते हुए सीआरपीएफ के महानिदेशक श्री जी.पी. सिंह ने इस प्रतियोगिता के महत्व पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि इससे देश के विशिष्ट कमांडो बलों में उत्कृष्टता, सहनशक्ति और सामरिक कौशल को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने विजेता टीमों व प्रतिभागियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

यह प्रतियोगिता 10 फरवरी 2025 को शुरू हुई थी और इसमें देश की सर्वश्रेष्ठ कमांडो इकाइयों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। महाराष्ट्र पुलिस ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता, जबकि बीएसएफ और आईटीबीपी ने क्रमशः उपविजेता और द्वितीय उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। स्नाइपर प्रतियोगिता में एनएसजी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि महाराष्ट्र और राजस्थान ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए।

श्री तपन कुमार डेका ने श्री जी.पी. सिंह, महानिदेशक, सीआरपीएफ, और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में विजेताओं को ट्रॉफियां प्रदान कीं।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए, श्री तपन कुमार डेका ने कमांडो को नागरिकों तथा राष्ट्र की ढाल बताया। उन्होंने कहा कि अथक परिश्रम और अटूट समर्पण ही एक सच्चे कमांडो की पहचान है। कमांडो की असाधारण क्षमता, दृढ़ता और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। साथ ही उन्होंने सीआरपीएफ और अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड को इस आयोजन के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने विजेता टीमों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और सभी प्रतिभागियों के समर्पण व प्रयासों की सराहना की। इसके साथ ही, उन्होंने आधिकारिक रूप से 15वीं अखिल भारतीय पुलिस कमांडो प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।

इस वर्ष, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य पुलिस बलों की 21 टीमों—जिनमें 44 राजपत्रित अधिकारियों सहित कुल 663 कर्मी शामिल थे—ने इस शारीरिक और सामरिक उत्कृष्टता की कठिनतम परीक्षा में भाग लिया। पिछला संस्करण विशाखापत्तनम में आयोजित किया गया था, जहां आंध्र प्रदेश के कमांडो विजेता बने थे, जबकि 2023 की प्रतियोगिता का आयोजन राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) ने किया था। इस बार, सीआरपीएफ ने पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी की।

कमांडो की युद्ध तत्परता को विभिन्न आयामों पर परखने के लिए तैयार की गई इस प्रतियोगिता ने सहनशक्ति, चपलता और सामरिक कुशलता के उच्चतम मानकों को प्रदर्शित किया। यह आयोजन भारत की सुरक्षा बलों की अटूट समर्पण भावना और परिचालन उत्कृष्टता का प्रमाण बना।

Next Post

नरेंद्र मोदी भोपाल में, स्टेट हैंगर से कुशाभाऊ ठाकरे सभागार पहुंचे सीधे

Sun Feb 23 , 2025
  भोपाल, 23 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड अंचल के बागेश्वर धाम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आज शाम राजधानी भोपाल पहुंचे।   श्री मोदी विशेष विमान से यहां स्टेट हैंगर पर लगभग सवा पांच बजे पहुंचे। इसके बाद वे सड़क मार्ग राजभवन के […]

You May Like