
जबलपुर। सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। शनिवार को सुबह से मौसम का मिजाज बदला रहा। बादलों का डेरा रहा। बूंदाबांदी भी हुई। दिन भर सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। मौसम की अचानक बदली रंगत से गर्मी से हल्की राहत रही। मौसम विभाग ने चौबीस घंटे में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जाहिर की है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा । न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा । सुबह के वक्त आद्रता 63 और शाम को 53 प्रतिशत दर्ज की गई। दक्षिण-पश्चिमी हवाएं 5 किमी की रफ्तार से चली ।
मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी विक्षोभ, एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में मध्य पाकिस्तान और निकटवर्ती क्षेत्रों पर माध्य समुद्र तल से 3.1 से 9.6 किमी की ऊँचाई के बीच अवस्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, पंजाब और उसके निकटवर्ती क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊँचाई पर सक्रिय है। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, छत्तीसगढ़ और निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊँचाई पर सक्रिय है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 7 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
