युवक की मृत्यु के बाद अस्पताल में हंगामा

बड़वानी, 23 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय पर एक युवक की उपचार के दौरान मृत्यु के बाद निजी अस्पताल में हंगामा हो गया।

बड़वानी पुलिस सूत्रों के अनुसार धार जिले के कुक्षी क्षेत्र के 35 वर्षीय भीम सिंह की उपचार के दौरान कल रात मृत्यु के बाद अस्पताल में हंगामा हो गया। उन्होंने बताया कि आज शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच आरंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है और मृत्यु का कारण पता नहीं चल सका है।

परिजनों और जयस के पदाधिकारी संदीप नरगावे ने आरोप लगाया कि युवक को दो इंजेक्शन लगाने के बाद उसे घबराहट हुई और तत्काल उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि पैर के संक्रमण के चलते उसे अस्पताल में लाया गया था, और आधे घंटे के दौरान मृत्यु हो जाना चिकित्सकों की गंभीर लापरवाही है।

अस्पताल संचालक डॉ राजेश जैन ने आरोपों को निराधार बताया और कहा कि पुरानी दुर्घटना के चलते उसके पैर में कई जगह हड्डियां टूटी हुई थी, और उसके चलते हुआ संक्रमण शरीर में फैल चुका था। उसे ऑपरेशन के लिए एडमिट किया गया था, लेकिन स्थिति सुधरने के बाद ही इसे करने की योजना थी। जैसे ही उसका उपचार शुरू किया गया, करीब आधे घंटे के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी। उन्होंने बताया कि मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही पता चल सकेगा।

Next Post

स्क्रीनिंग शिविर मुरैना में आज से शुरू

Sun Feb 23 , 2025
मुरैना, 23 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुरैना में स्व. मोहन प्यारी माहेश्वरी की स्मृति में रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन राहत शिविर 26 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित किया जायेगा। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता एवं राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा के मार्गदर्शन एवं मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मुरैना में […]

You May Like