आतिशी दिल्ली विधानसभा में होंगी नेता प्रतिपक्ष

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (वार्ता) आम आदमी पार्टी(आप) ने रविवार को एलान किया कि पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता होंगी।

‘आप’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने इसकी आज घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज ‘आप’के विधायक दल की बैठक हुई जिसमें विधायकों ने सर्वसम्मति से सुश्री आतिशी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में चुना ।

श्री राय ने कहा कि सुश्री आतिशी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। उनपर नेता प्रतिपक्ष होने के नाते केजरीवाल सरकार द्वारा किए गए कामों की रक्षा करना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा जनता से किए वादों को पूरा करवाने की जिम्मेदारी होगी।

सुश्री आतिशी ने नेता प्रतिपक्ष चुने जाने के बाद कहा,“मैं पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और सभी विधायकों का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझे नेता प्रतिपक्ष बनाया है। भाजपा ने जो भी वादे किए, विपक्ष के नाते हम उन सभी वादों को पूरा करवाने की जिम्मेदारी निभायेंगे।”

उन्होंने कहा,“ दिल्ली की जनता ने हमें विपक्ष की भूमिका सौंपी है, और हम एक मजबूत विपक्ष के रूप में यह सुनिश्चित करेंगे कि भाजपा सरकार दिल्लीवालों से किए अपने सभी वादे पूरे करें।चुनाव के दौरान मोदी जी ने दिल्ली की सभी महिलाओं को 2500 रुपये महीना देने की गारंटी दी थी। हम भाजपा सरकार से यह वादा जरूर पूरा करवायेंगे। ‘आप’जनता के मुद्दों को सदन में पूरी ताकत से उठाएगी। दिल्ली और दिल्लीवालों के हक की लड़ाई जारी रहेगी।”

 

Next Post

पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने गोली मार कर की आत्महत्या

Sun Feb 23 , 2025
शहडोल, 23 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के केशवाही थाना क्षेत्र के टेंगहा गाँव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने देशी बंदूक (कट्टा) से अपने सिर में गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि जिले के टेंगहा गांव के […]

You May Like

Play sound