इंदौर: शहर में अज्ञात बदमाश लगातार सूने मकानों और धार्मिक स्थलों को निशाना बना रहे हैं. गांधीनगर में बदमाश मकान का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और अलमारी से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गया, वहीं विजय नगर में मंदिर से पीतल की मूर्तियां और त्रिशूल चोरी हो गया. दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है.
गांधीनगर थाना क्षेत्र के बीएलएन सिटी में रहने वाले विजेन्द्र सोनकर के मकान में 16 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे से अगले दिन सुबह चार बजे के बीच चोरी हुई. अज्ञात बदमाश मुख्य गेट का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुआ, लोहे की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे पुराने इस्तेमाल किए जा रहे सोने चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. इसी तरह विजय नगर थाना क्षेत्र के शिवशक्ति धाम मंदिर में सुबह साढ़े नौ से 11 बजे के बीच चोरी हुई. अज्ञात बदमाश मंदिर में दाखिल हुआ और वहां रखी मां बगलामुखी की पीतल की मूर्ति, शेषनाग की पीतल की मूर्ति और पीतल का त्रिशूल चोरी कर ले गया. मंदिर से जुड़े रोहित जायसवाल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. दोनों घटनाओं में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं
