
खंडवा, 23 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के धनगांव थाना क्षेत्र में डंपर से टक्कर के कारण जीप में सवार चार लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात्रि में पुनासा सनावद मार्ग पर डंपर और जीप के बीच टक्कर हो गयी। जीप में कुल सात व्यक्ति सवार थे। चार की मौत हो गयी और दो घायलों को सनावद के अस्पताल में पहुंचाया गया है। जीप सवार डेढ़ वर्षीय बालिका पूरी तरह सुरक्षित है और उसे एक खरोंच भी नहीं आयी।
सूत्रों ने कहा कि सक्तापुर गांव निवासी एक युवती ने जहर खा लिया था। परिजन उसे जीप से लेकर सनावद के अस्पताल जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। इस वजह से जहर खाने वाली सुकन्या (23), उसके भाई पवन (25), परिजन धर्मेंद्र (32), परिचित बिट्टू चौहान (25) की मौत मौके पर ही हो गयी। संगीता नाम की महिला और जीप चालक राजा चौहान मामूली रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। डंपर में राखड़ भरा हुआ था।
