संतो की नगरी जबालीपुरम आज धन्य हुई, आनंद का धामबना : सीएम

बोले: कहीं भी गौ-माता को लावारिस-निराश्रित नहीं रहने देंगे

 

जबलपुर। संतो की नगरी जबालिपुरम आज धन्य हुई है। यह आनंद का धाम बना है। जिले में अत्याधुनिक गौ-शाला बनाये जाने की नीव रखी गई है। गौ-संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार की नीति अनुसार कहीं भी गौ-माता को लावारिस- निराश्रित नहीं रहने दिया जायेगा। प्रदेश के बड़े महानगरों की तरह अन्य बड़ी नगर निगम एवं नगर पालिकाओं में गौ-शालाओं का निर्माण कर इनकी क्षमताओं को 10 हजार तक पहुंचाने का कार्य किया जायेगा। यह बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को जबलपुर के ग्राम उमरिया पहुंचकर 53 एकड़ में बनाई जा रही गौशाला परियोजना केपहले चरण का भूमिपूजन के दौरान कहीं।

आगे उन्होंने कहा कि शासकीय स्तर पर गौ-शालाएं खुलेगी, जिनमें अधिक आयु की निराश्रित, अशक्त गौ-वंशों की देखभाल की जिम्मेदारी सरकार की होगी। जिससे सडक़ पर विचरण करने वाले लावारिस एवं निराश्रित गौ-वंशों को आश्रय प्राप्त होगा।  प्रदेश की गौ- शालाओं के प्रत्येक गौ-वंश के लिए 40 रूपये प्रतिदिन दिये जा रहे हैं। साथ ही साथ घर-घर तक गौ-पालन को प्रोत्साहित करने के लिए 10 से अधिक गौ-वंश पालने वाले व्यक्ति को शासन की ओर से अनुदान दिया जायेगा। जो भी गौ-वंश का पालन करता है वह गोपाल और जिसके घर में गाय का कुल वह गोकुल कहलाता है। इसके अतिरिक्त जिले के 187.43 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यो का लोकार्पण तथा भूमि-पूजन भी किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन और संतों को पुष्प माला पहनाकर किया। कार्यक्रम के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौ-माता का पूजन एवं नमन कर उन्हें आत्मीय भाव से गौ-आहार खिलाया।  इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेशसिंह, पशुपालन मंत्री लखन सिंह पटेल, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग मंत्री नागर सिंह चौहान मौजूद थे।

कृषि के क्षेत्र में समृद्ध होगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में गरीब, युवा, महिला एवं किसान के कल्याण एवं विकास की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपने को साकार करते हुए नदियों को जोड़ते हुए किसानों के खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को दो बड़ी नदी जोड़ो परियोजना केन-बेतवा एवं पार्वती, काली सिंध एवं चंबल की सौगात मिली है, जिससेप्रदेश कृषि के क्षेत्र में समृद्ध होगा।

बेटियों की बदल देंगे जिंदगी-

सीएम ने कहा कि  21 फरवरी को प्रदेश के 90 हजार से अधिक बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को 25-25 हजार रूपये की राशि लैपटॉप के लिए प्रदान की जायेगी। इसी तरह बेटियों की जिंदगी में बदलाव लाने की दिशा में प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार ने प्रदेश के धार्मिक नगरों में शराबबंदी का भी फैसला लिया है। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभागमंत्री राकेश सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू द्वारा किया गया। जबलपुर एमआईसी द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव को स्मृति चिन्ह भी भेंट स्वरूप प्रदान किया गया।

इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में रही इनकी उपस्थिति कार्यक्रम में संत समुदाय से स्वामी अखिलेश्वरानंद जी, नरसिंह देवाचार्य जी, राघवदेवाचार्य जी, चेतन्यानंद जी, गिरीशानंदजी, बालगोविंदाचार्य जी, रामनुजाचार्यजी, स्वामी पगलानंद जी, साधवी मैत्रीय दीदी की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मिकी एवंआशीष दुबे, विधायक सर्व अभिलाष पांडे, संतोष बरकड़े, नीरज सिंह ठाकुर, तेलघानी बोर्डअध्यक्ष रविकरण साहू, रत्नेश सोनकर, राजकुमार पटेल, कमिश्नर अभय वर्मा, आईजी अनिल कुशवाह, कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनसमुदाय मौजूद था।

इन कार्यों का किया गया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 187.43 करोड क़ी लागत से जिले के 14 लोकोपयोगी कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया। जिसमें 4.07 करोड़ की लागत से बने कुंडम के बंजर में आदिवासी सीनियर छात्रावास भवन,1.16करोड़ की लागत से सिहोरा में अनुविभागीय राजस्व कार्यालय भवन, 4.72 करोड़ की लागत से पनागर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 8 ग्रामों में नलजल योजना का निर्माण, 1.06 करोड़ की लागत से पाटन के दो ग्रामों में नलजल योजना का निर्माण, 3.09 करोड़ की लागत से बरगी के तीन ग्रामों में नलजल योजना का निर्माण, 3.32 करोड़ की लागत से सिहोरा के 6 ग्रामों में नलजल योजना का निर्माण,12.87 करोड़ की लागत से मझौली में जलप्रदाय, 68.09 करोड़ की लागत से सिहोरा में जल प्रदाय, 26.80 करोड़ की लागत से केंट में तीरंदाजी अकादमी का निर्माण, 1.50 करोड़ की लागत से पूर्व विधानसभा क्षेत्र में 6 आयुष्मान आरोग्य मंदिर मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक का निर्माण का लोकार्पण शामिल है। इसी प्रकार नगर निगम क्षेत्र उमरिया में 10 करोड़ की लागत से गौशाला का निर्माण, 43 करोड़ की लागत से जबलपुर मंडला मार्ग के अंतर्गत जबलपुर में पेंटीनाका चौक पर फ्लाई ओव्हर का निर्माण कार्य, 6.17 करोड़ की लागत से जबलपुर में 100 सीटर श्रमिक विश्राम गृह का निर्माण कार्य व 1.59 करोड़ की लागत से सुकरी में बालिका छात्रावास निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।

Next Post

कर्मचारियों की हड़ताल से कुछ देर मेडिकल की व्यवस्था चरमराई

Thu Feb 20 , 2025
महीनों से वेतन ना मिलने पर परेशान कमर्चारियों ने दिखाया आक्रोश   नवभारत,जबलपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बुधवार से कर्मचारी हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले 6 महीनों से उन्हें अपना वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते वह आर्थिक तंगी से जूझ […]

You May Like