
इंदौर. शहर में बढ़ते आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इंदौर पुलिस ने मंगलवार को लक्ष्मीबाई मेट्रो स्टेशन और आईटी पार्क भंवरकुआं में मॉक ड्रिल कर सुरक्षा तैयारियों की परख की. इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति, विशेषकर लावारिस या संदिग्ध वस्तु जिसमें विस्फोटक की आशंका हो मिलने पर सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया क्षमता को जांचना था.
मॉक ड्रिल का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुरक्षा प्रमोद सोनकर के मार्गदर्शन में किया. बीडीडीएस प्रभारी खालिद मुश्ताक और उनकी टीम ने पुलिस के साथ मिलकर मौके पर मौजूद मेट्रो स्टेशन और आईटी पार्क के सुरक्षा कर्मियों को लाइव सिचुएशन में अभ्यास कराया कि अगर कहीं विस्फोटक सामग्री से भरा बैग या संदिग्ध वस्तु मिलती है, तो किस तरह की त्वरित और सुनियोजित कार्रवाई की जानी चाहिए. मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा टीम ने लावारिस वस्तु को चिन्हित करने, क्षेत्र को खाली कराने, आम नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने और बीडीडीएस के पहुंचने तक की प्रक्रियाओं का जीवंत अभ्यास कराया.
