वाशिंगटन, 19 फरवरी (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अरबपति उद्यमी एलन मस्क को अंतरिक्ष संबंधी निर्णय लेने से बाहर रखा जाएगा।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सरकारी खर्च में कटौती के प्रयासों के बीच श्री मस्क के हितों के संभावित टकराव के बारे में एक सवाल के जवाब में श्री ट्रम्प ने फ्लोरिडा में अपने ‘मार-ए-लागो’ रिसॉर्ट में यह टिप्पणी की।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “इसलिए अंतरिक्ष से जुड़ी किसी भी चीज में हम एलन मस्क को हिस्सा नहीं लेने देंगे।”
व्हाइट हाउस ने कहा है कि श्री मस्क अपने व्यावसायिक हितों और सरकारी दक्षता विभाग (डीओजीई) के माध्यम से सरकारी खर्च को कम करने के प्रयासों के बीच हितों के किसी भी टकराव से खुद को अलग कर लेंगे।
ट्रम्प प्रशासन में श्री मस्क की भूमिका को लेकर सोमवार को व्हाइट हाउस ने कहा कि वह व्हाइट हाउस के कर्मचारी और राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार हैं। इसमें कहा गया है कि श्री मस्क डीओजीई के कर्मचारी नहीं हैं और उनके पास निर्णय लेने का कोई अधिकार नहीं है।
श्री ट्रम्प ने मंगलवार को कहा कि श्री मस्क को “कर्मचारी” या “सलाहकार” कहा जा सकता है।

