
ग्वालियर। शहर में गर्मी का एहसास शुरू होते ही अब सडक़ पर दौड़ रही कारों में आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। ऐसे ही एक मामले में सोमवार दोपहर करीब 4 बजे माधव नगर गेट के सामने एक चलती नैनो कार क्रमांक एमपी 07 सीई 2998 में अचानक आग लग गई। इस दौरान ड्राइवर ने कार से कूदकर जान बचाई। फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कार जलकर पूरी तरह खाक हो गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है। लेकिन अंदाजा लगाया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी है।
आग ड्राइवर सीट की तरफ स्टेयरिंग से शुरू हुई थी। इसके बाद ड्राइवर तो किसी तरह उसमें से निकलकर बाहर आ गया, लेकिन कार देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गई। पुलिस आगजनी का केस दर्ज कर मौके से गायब ड्राइवर की तलाश कर रही है।
