20 मार्च से लगेगा गोलबाजार में पुस्तक मेला
जबलपुर:जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों की सभी प्रकार की पुस्तके एवं गणवेश सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री उचित मूल्य पर जिला प्रशासन की पहल पर 20 मार्च से 30 मार्च तक शहीद स्मारक, गोल बाज़ार, जबलपुर में मिलेगी। मेले का समय शाम 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक रहेगा। इस मेले में अभिभावक अपने बच्चो को प्रतिस्पर्धात्मक दर पर शैक्षणिक सामग्री दिला पाएंगे। मेले में प्रारंभिक रूप से 82 दुकानों के लिए स्थान चिन्हित किया गया है।
जिसे आवश्यकता पडऩे पर बढ़ाया भी जा सकता है। इसके अलावा आवश्यकता पडऩे पर मेले की तारीखों में परिवर्तन करके उसे अप्रैल माह तक आगे बढ़ाया जा सकता है। इस पुस्तक मेले में लगभग 276.58 करोड़ रूपये का व्यापार होने का अनुमान हैं। मेले में प्रतिदिन सास्कृतिक कार्यक्रम, नि:शुल्क केरियर परामर्श कन्या प्रोत्साहन योजना की जानकारी, पुलिस एवं सेना में जाने हेतु नि:शुल्क परामर्श सहित शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी प्राप्त होगी।
4 लाख छात्र- छात्राओं को मिलेगा लाभ
वर्तमान में जिले में सभी विद्यालयों में 4 लाख छात्र/छात्रा अध्ययनरत हैं। जिसमें सीबीएसई- आईसीएसई के 1,42,600, एमपी बोर्ड के लगभग 95000 एवं एमपी बोर्ड के शासकीय स्कूलों में 165,519 छात्र- छात्राएं पढ़ रहे हैं, जिन्हें इस मेले का फायदा मिलेगा।
