जल जीवन मिशन के कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें

प्रमुख सचिव श्री नरहरि ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

इंदौर: लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख सचिव पी. नरहरि ने इंदौर संभाग में प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिये कि मिशन के अंतर्गत हर घर में नल से जल पहुंचाने संबंधी कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाये, जिससे की इसका लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणों को मिले और पेयजल आपूर्ति सुगम बने.
बैठक में संभागायुक्त दीपक सिंह सहित इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह तथा इंदौर संभाग के सभी जिलों धार, झाबुआ, आलीराजपुर, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर और बड़वानी के कलेक्टर वीडियो कान्फ्रेंस से शामिल हुए। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख सचिव पी. नरहरि ने जल जीवन मिशन की संभाग के जिलेवार प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी नागरिकों को नल से गुणवत्तायुक्त शुद्ध और पर्याप्त जल मिले यह सुनिश्चित किया जाये. कोई भी ग्राम पंचायत प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन योजना से वंचित नहीं रहे. इसके लिए सभी कलेक्टरों एवं अन्य अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है, ताकि प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन योजना के लक्ष्यों को हम समय सीमा में प्राप्त कर सकें. उन्होंने कहा कि संभाग में विभिन्न जिलों में जल जीवन मिशन के तहत एकल एवं समूह योजना के कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाए.

लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
प्रमुख सचिव श्री नरहरि ने सभी कलेक्टरों एवं अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन योजना के क्रियान्वयन में राज्य शासन की महती भागीदारी है, इसलिए इस मिशन में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन योजना के क्रियान्वयन में मैदानी स्तर पर किसी भी तरह की कोताही, लेटलतीफी और कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत एकल योजनाओं के संचालन, रख-रखाव और नियमित मॉनिटरिंग के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिये.

Next Post

फुटपाथ के अतिक्रमण व टीन शेड हटाए

Sun Feb 16 , 2025
यातायात बाधित करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई इंदौर:यातायात सुधार के लिए कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है. सड़कों, फुटपाथ आदि पर सामग्री रख अथवा अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के विरूद्ध इस अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है.इसी के तहत शनिवार को […]

You May Like