
नीमच। जावद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोरवन-रूपपुरा बावड़ी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक सडक़ हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तत्काल उपचार के लिए नीमच जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अंकुर गर्ग के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक किसी कंपनी या विभाग में कार्यरत था और उसकी बाइक नीमच पंजीयन की थी। यह हादसा मोरवन के समीप रूपपुरा बावड़ी क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
घटना की सूचना मिलते ही सरवानिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को घायल या मृतक युवक के संबंध में कोई जानकारी हो, तो वे पुलिस को सूचित करें ताकि परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
