
श्योपुर। रेत माफिया पर शिकंजा कसने के लिए 3 थानों की पुलिस फोर्स के साथ बड़ी कार्रवाई की गई है. पुलिस फोर्स की टीम ने बड़ौदा थाना क्षेत्र स्थित पार्वती नदी के बड़ोदिया घाट पर दबिश देकर मौके से 1200 ट्रॉली रेत जब्त कर नष्ट कर दिया लेकिन पुलिस के हाथ एक भी माफिया नहीं लगा. पुलिस टीम का दावा है कि अब तक के सबसे बड़े रेत के स्टॉक को जब्त कर नष्ट किया गया है.
कलेक्टर अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन को पिछले कुछ दिनों से खबर मिल रही थी कि बड़ौदा थाना क्षेत्र स्थित पार्वती नदी के बड़ोदिया घाट पर अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है. इस सूचना पर कलेक्टर और एसपी ने अपने-अपने अमले को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इसके बाद एसडीओपी बड़ौदा प्रवीण अष्ठाना की अगुवाई में तहसीलदार बड़ौदा कुलदीप दुबे अपनी-अपनी टीम लेकर अचानक पार्वती नदी के किनारे कार्रवाई के लिए पहुंचे. हालांकि, यहां अफसरों को कोई रेत माफिया तो नहीं मिला, लेकिन करीबन 1200 ट्रॉली डंप कर रखी रेत मिली.
