
दतिया। बड़ौनी कस्बा स्थित बड़े तलाब में सोनागिर जैन मंदिर में कार्यरत 55 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय सिंह परमार के रूप में हुई है जो बड़ौनी के रहने वाले थे। विजय सिंह सुबह घर से निकले और देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों को जब सूचना मिली कि उन्हें बड़े तालाब के पास देखा गया था, तो वे वहां पहुंचे। तालाब के घाट पर उनके कपड़े मिलने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रात करीब 9 बजे तालाब से शव को बाहर निकाला। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि, मृतक बड़े तलाब में नहाने के लिए गया हुआ था तभी यह हादसा हो गया।
