
पिछले कुछ माह से सीसी कैमरे में दिख रहा था मूवमेंट
महू. महू के आर्मी बार कॉलेज से वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पिंजरे में कैद करने में सफलता पाई है. पिछले कुछ महीनो से कई बार तेंदुआ परिसर में घूमता दिखाई दे रहा था. उसे पकड़ने के पहले भी प्रयास किए गए थे, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई थी.
अभी लगभग एक माह से क्षेत्र के सीसी कैमरे में लगातार उसकी सघन गतिविधियां कैद हो रही थी. जिसके चलते तेंदुए को पकड़ने की योजना बनाकर में विभाग की टीम ने 14 फरवरी शुक्रवार को दोपहर साढ़े बारह बजे के बाद आर्मी वार कॉलेज के गेट नंबर 6 पर तेंदुए की लोकेशन ट्रेस की थी. उसके पश्चात सेना के सहयोग से उसे पिंजरे में कैद कर लिया. पिंजरे में खुद को कैद देखकर वह गुस्सा में जोर-जोर से गुर्रा रहा था. तेंदुए के कैद होने की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे. बताया जा रहा है, कि मूवमेंट के दौरान उसने एक जानवर का भी शिकार किया था, ऐसे प्रमाण भी मिले है. वन विभाग के अधिकारियों ने बताया, कि तेंदुआ युवा है. अब उसे दूर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा.
