
जबलपुर। मौसम की बदली रंगत से शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदला रहा। पारा लुढक़ कर 9 डिग्री पर पहुंच गया। सुबह से सूर्यदेव निकले रहे। सूरज की तपिश से ठंड से राहत रही लेकिन शाम ढलते ही ठंडी हवाएं चली जिससे ठंड का एहसास बढ़ गया रात में लोग गर्म कपड़े लादकर बाहर निकले। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 60 प्रतिशत और शाम को 35 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्वी हवाएं 3 से 4 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मौसम विभाग की माने तो 17 फरवरी 2025 से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के द्वारा पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 240-259 किमी प्रति घंटे की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही है।
