नयी दिल्ली, (वार्ता) टोरेंट समूह ने खेल क्षेत्र में कदम रखते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स में 67 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए इरेलिया कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक निर्णायक समझौता किया है।
कंपनी ने बुधवार को बयान जारी कर बताया कि यह लेन-देन नियामकीय स्वीकृतियों और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की मंजूरी सहित कुछ शर्तों के अधीन है। इस सौदे के तहत इरेलिया कंपनी फ्रेंचाइजी में 33 प्रतिशत हिस्सेदारी बनाए रखेगी, जिससे वह एक महत्वपूर्ण अल्पसंख्यक भागीदार बनी रहेगी।
टोरेंट समूह ने इस साझेदारी को भारत के अग्रणी व्यावसायिक समूह और एक प्रतिष्ठित निजी इक्विटी फर्म के बीच अपनी तरह का पहला समझौता बताया। कंपनी के अनुसार, यह सहयोग भारतीय खेल उद्योग के विकास और विस्तार के लिए नए अवसर खोलेगा।
टोरेंट समूह के निदेशक जिनल मेहता ने कहा, “भारत में खेलों का महत्व लगातार बढ़ रहा है और हम इस क्षेत्र में अपार संभावनाएं देख रहे हैं। गुजरात टाइटन्स में बहुलांश हिस्सेदारी के अधिग्रहण से हमें न केवल प्रशंसकों के अनुभव को और बेहतर बनाने का मौका मिलेगा बल्कि आगामी वर्षों में टीम और ब्रांड के विस्तार के नए रास्ते भी खुलेंगे।”
