अंकारा, 10 फरवरी (वार्ता) तुर्की के सुरक्षा बलों ने पिछले सप्ताह देशव्यापी अभियान में 2016 में तख्तापलट की कोशिश से जुड़े कथित संबंधों को लेकर 45 लोगों को हिरासत में लिया है। आंतरिक मंत्री अली येरलिकाया ने सोमवार को यह जानकारी दी।
हिरासत में लिए गए लोगों पर गुलेन आंदोलन से संबंध रखने का आरोप है। तुर्की गुलेन आंदोलन को 15 जुलाई 2016 को असफल तख्तापलट के प्रयास के लिए जिम्मेदार मानता है।
श्री येरलिकाया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “क्लैंप-38” नाम की जेंडरमेरी टीमों ने 22 प्रांतों में अभियान चलाये। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए 45 लोगों में से 24 को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है और आठ को न्यायिक नियंत्रण में रखा गया है, जबकि शेष बंदियों के लिए कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं।
श्री येरलिकाया ने बताया कि संदिग्धों ने कथित तौर पर पे फोन के माध्यम से गुलेन आंदोलन के नेताओं के साथ संचार किया, समूह को वित्त पोषित किया और सोशल मीडिया पर प्रचार किया। तुर्की सरकार लंबे समय से अमेरिका स्थित मौलवी फेतुल्लाह गुलेन पर 2016 के तख्तापलट के प्रयास को अंजाम देने का आरोप लगाती रही है, जिसके परिणामस्वरूप कम से कम 250 मौतें हुईं। तख्तापलट के बाद अंकारा ने गुलेन आंदोलन से संबंध रखने के संदिग्धों को निशाना बनाते हुए व्यापक कार्रवाई शुरू की।

