
भोपाल। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने सोमवार को अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी की गिरफ्तारी के विरोध में राजधानी भोपाल में गांधी प्रतिमा के समक्ष गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण मौन प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन संगठन द्वारा लोकतांत्रिक अधिकारों पर हो रहे हमलों और शांतिपूर्ण आंदोलनों को दबाने की प्रवृत्ति के खिलाफ एक प्रतीकात्मक विरोध के रूप में किया गया।
प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर, काली पट्टी बांधकर और बिना किसी नारेबाजी के मौन रहे। इस दौरान सत्य, अहिंसा और लोकतंत्र की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता, यह संदेश दिया गया। साथ ही बढ़ती असहिष्णुता और प्रशासन की कथित दमनकारी कार्रवाइयों के विरोध में दो मिनट का मौन भी रखा गया।
एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य सोनी ने कहा कि वरुण चौधरी की गिरफ्तारी किसी अपराध के तहत नहीं, बल्कि मनरेगा योजना और गरीबों के रोजगार के अधिकार की रक्षा के लिए चल रहे शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन के दौरान की गई, जो संविधान प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन है। जिला उपाध्यक्ष रेहान अहमद ने केंद्र सरकार पर रोजगार, शिक्षा और मनरेगा जैसे मुद्दों को उठाने वाले छात्र आंदोलनों को कुचलने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में एनएसयूआई के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
