
नवभारत न्यूज
रीवा, 9 फरवरी, एमएसडब्ल्यू मैनेजमेंट सल्यूशन लिमिटेड रैमकी कंपनी द्वारा मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की गाइडलाइन के अनुकूल नगर परिषद सिरमौर में कार्य न किए एवं कचरा ट्रांसफर स्टेशन पडरी के वजाय टोंस हायड्रल पावर प्रोजेक्ट वार्ड क्रमांक-1 के समीप निजी भूमि पर लगातार कचरा डंप किए जाने पर अध्यक्ष से स्थानीय लोगो ने शिकायत दर्ज कराई.
स्थानीय निवासियों द्वारा नप अध्यक्ष से शिकायत कर कार्यवाही की मांग किए जाने पर जांच कराई गई. जिसमे पाया गया की रैमकी कंपनी द्वारा नियम विरुद्ध कचरा बस्ती में डंप किया जा रहा. जबकि कचरा के लिए पडरी में ट्रांसफर स्टेशन बनाया गया है. जिसका भुगतान कंपनी द्वारा लगातार निकाय से लिया जा रहा है . रैमकी कंपनी द्वारा नप सिरमौर से किए गए अनुबंध के विपरीत कार्य किए जाने पर कार्यालय द्वारा 6 बार नोटिस भेजी गई. जिसमें लेख किया गया कि आपके द्वारा प्राइवेट लैंड में कचरा फेंका जा रहा है. जबकि ट्रांसफर स्टेशन में कचरा फेके जाने के अनुबंध किए गए थे. किंतु आपके द्वारा लगातार उल्लंघन किया जाता रहा है. लोगो में व्यापक आक्रोश है. स्थानीय वार्ड के जनप्रतिनिधियों ने भी कंपनी के स्थानीय प्रबंधन से कई बार अपनी शिकायत दर्ज कराई लेकिन स्थानीय प्रबंधन द्वारा किसी भी तरह का सहयोग नहीं किया. वार्ड पार्षदों ने आरोप लगाते हुए कहा कि निजी भूमि पर रैमकी कंपनी द्वारा डभौरा आदि अन्य जगहों से भी कचरा लाकर फेंका जा रहा है. जिससे स्थानीय बस्तियों में प्रदूषण फैल रहा है. सीएमओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नोटिस जारी की गई है और एफआईआर के साथ अनुबंध निरस्त करने की कार्यवाही की जा रही है. प्रकरण दर्ज कराने निर्देश दिये है: संदीप
नगर परिषद अध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि रैमकी कंपनी द्वारा नगर का कचरा उठाए जाने के बाद ट्रांसफर स्टेशन के बजाय बस्ती में नियमविरुद्घ फेंका जा रहा है. वार्ड क्रमांक-1 के लोगो की शिकायत पर नप परिषद के अधिकारी को कंपनी के ऊपर अपराधिक प्रकरण दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं.
