ऑस्ट्रिया, 17 जनवरी (वार्ता/ स्पूतनिक) सैन्य गतिविधियों के कारण एक विद्युत उप-स्टेशन को क्षति पहुंचने के बाद यूक्रेन के चरनोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र में एक ऊर्जा लाइन का संपर्क टूट गया है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने यह जानकारी दी है। एजेंसी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, “ यूक्रेन के चरनोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर पिछले हफ्ते सैन्य गतिविधियों के कारण एक विद्युत उप-स्टेशन क्षतिग्रस्त हो गया, जो इसकी ऊर्जा आपूर्ति के लिए बहुत ज़रूरी था। इसके बाद एक ऊर्जा लाइन का संपर्क टूट गया। यह घटना एक बार फिर परमाणु सुरक्षा के लिये भरोसेमंद विद्युत ग्रिड बुनियादी संरचना के महत्व को दिखाती है। ”
एजेंसी ने कहा कि यह संपर्क टूटना इस हफ्ते की कई घटनाओं में से एक था जिसमें सैन्य गतिविधि ने यूक्रेन की परमाणु इकाइयों में सुरक्षा को प्रभावित किया।
श्री ग्रॉसी ने कहा, “ उप-स्टेशन को नुकसान पहुंचने के बाद, चरनोबिल संयंत्र को दूसरी लाइनों से बाहर से ऊर्जा मिलती रही। यह रुकावट दिखाती है कि ज़रूरी सुरक्षा प्रणाली को चलाने के लिए ज़रूरी बिजली की लगातार आपूर्ति सुनिश्चित करने में उप-स्टेशन कितनी ज़रूरी भूमिका निभाते हैं।”
उल्लेखनीय है कि श्री ग्रॉसी ने दिसंबर में रूस की सरकारी समाचार एजेंसी नोवोस्ती को बताया था कि चरनोबिल में आपातकालीन ऊर्जा इकाई को हटाने
के काम का कुछ हिस्सा सार्कोफैगस को हुए नुकसान के कारण धीमा करना पड़ा या रोकना पड़ा।

