जबलपुर: कटंगा के पास स्थित उद्योग भवन में पिछले करीब एक साल से बंद पड़ी हुई लिफ्ट जिम्मेदारों की उदासीन कार्यशैली को उजागर करती नजर आ रही है। लिफ्ट को चालू करने के बारे में जब जिम्मेदार सचिव से बात की गई तो पता चला कि लिफ्ट को सुधारने में भारी भरकम रुपए लग रहे हैं जिसको लेकर चंदा एकत्रित किया जा रहा है, जब चंदा एकत्रित होगा तब लिफ्ट शुरू होगी। ऐसे में ये सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या एक साल से चंदा नहीं जुट पाया गया। नतीजा ये रहता है कि खुद अधिकारी, कर्मचारियों के साथ उद्योग भवन स्थित कार्यालयों में आने वाले आवेदक, लोग भी परेशान हो रहे हैं। क्योंकि उन्हें तीन मंजिला भवन में अपने काम से बार बार ऊपर से नीचे होना पड़ता है।
नाम न छापने की शर्त में उद्योग भवन के एक कर्मचारी ने नवभारत को बताया कि यहां कलेक्टर, कमिश्रर से लेकर कई बड़े अधिकारी विभागीय कामों को लेकर कई बार आते भी हैं जो कि पैदल सीढ़ियां चढ़कर ही ऊपर जाते हैंं। पिछले करीब एक साल से जिम्मेदारों से मांग की जा रही है कि उद्योग भवन की लिफ्ट को चालू कराया जाए लेकिन अभी तक किसी ने नहीं सुनी है। जिस कारण दूसरी और तीसरी मंजिल में स्थित कार्यालयों के अधिकारियों के साथ कर्मचारी भी परेशान हैं। ऐसे कई कर्मचारी ज्यादा परेशान हैं जिन्हें फाइलें लेकर सीढ़ियों से ऊपर से नीचे दिन में कई बार होना पड़ता है।
ये कार्यालय भवन में हैं मौजूद
कटंगा के पास स्थित उद्योग भवन मंजिला है जिसमें बड़े सरकारी विभागों के कार्यालय मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार उद्योग भवन के भूतल में एमपी इंडस्टियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर, पहली मंजिल में कार्यालय जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र जबलपुर, जिला रोजगार कार्यालय जबलपुर, क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र उद्यमिता विकास केंद्र मप्र, दूसरी मंजिल में जबलपुर इंनक्युबेशन सेंटर स्मार्ट सिटी लिमिटेड कार्यालय और तीसरी मंजिल में कार्यालय सहायक पंजीयक फर्म्स एवं संस्थाएं जबलपुर संभाग, कार्यालय संयुक्त संचालक परिक्षेत्रीय उद्योग कार्यालय जबलपुर, कार्यालय निरीक्षण वाष्पयंत्र जबलपुर मौजूद हैं।
बनाई गई है रखरखाव समिति
जानकारी के अनुसार उद्योग भवन के मेंटनेंस के लिए उद्योग भवन रखरखाव समिति का भी गठन किया गया है जिसकी अध्यक्षता एमपी इंडस्टियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर के सौजन्य से की जाती है। बावजूद इसके बंद लिफ्ट की ओर किसी का ध्यान अभी तक नहीं गया है।
इनका कहना है-
— उद्योग भवन में बंद पड़ी लिफ्ट को सुधारने के लिए रुपए एकत्रित किए जा रहे हैं ,करीब एक सप्ताह का समय लिफ्ट के सुधार कार्य में लग जाएगा।
–संजय तिवारी, सचिव, उद्योग भवन रखरखाव समिति।
