
खरगोन, 09 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र में नवग्रह मेले से वापस लौट रहे दुपहिया वाहन अज्ञात वाहन से टकरा जाने के चलते एक व्यक्ति और उसके दो वर्षीय पुत्र की मृत्यु हो गई तथा पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुल्तान के पूर्व अज्ञात वाहन की टक्कर से दुपहिया वाहन चला रहे पीपलगोन निवासी 35 वर्षीय शरीफ की कल रात्रि मौके पर ही मृत्यु हो गई ,जबकि उसकी पत्नी परवीन और दो वर्षीय पुत्र को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 2 वर्षीय पुत्र की मृत्यु हो गई। शरीफ पेशे से ड्राइवर था।
यह सभी खरगोन स्थित नवग्रह मेले में गए थे, और अपने घर लौट रहे थे।
शवों का आज दोपहर पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
