सतना:भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सतना में विजय संकल्प रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारा देश अब बदलता भारत नहीं, बदल गया भारत बन चुका है। मोदी के नेतृत्व में दुनिया भर में भारत का मान बढ़ा है,हमने हर क्षेत्र में तरक्की की है। यह सब इसलिए सम्भव हो सका है क्योंकि जनता ने देश को स्थिर सरकार दी। देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए तीसरी बार भी मोदी के नेतृत्व में स्थिर सरकार बनाने की जरूरत है।
भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह के पक्ष में स्थानीय बीटीआई मैदान में आयोजित सभा के दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्षी गठबंधन पर भी हमला बोला में सभा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ,प्रदेशाध्यक्ष वही दीभी उपस्थित रहे। श्री नड्डा ने कहा कि इंडिया का नाम चुरा कर सारे परिवारवादी भ्रष्टाचार बढ़ाने और भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए एकजुट हो गए हैं। इस घमण्डिया गठबंधन में शामिल दल और उनके नेताओं ने कोयला, चारा,2 जी, कॉमन वेल्थ गेम,टीचर भर्ती, लैपटॉप, रिवर फ्रंट, शराब, दवा जैसे तमाम घोटाले किए। इन्हें सिर्फ अपने परिवार की चिंता है। मोदी भ्रष्टाचार हटाने को कहते हैं तो ये भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए गठबंधन करते हैं। इस गठबंधन के सोनिया – राहुल,लालू,चिदम्बरम,संजय सिंह समेत तमाम नेता बेल में तो केजरीवाल,सिसोदिया,सतेंद्र जैन जैसे कई नेता जेल में हैं। इन्हें जनकल्याण – विकास से कोई मतलब नहीं है।
अब बदलता भारत नहीं, बदल गया भारत है। कभी हम अर्थ व्यवस्था के मामले में 11वें नंबर पर थे, आज ब्रिटेन को पछाड़ कर 5वें नंबर की अर्थ व्यवस्था बन गए। इस बार आपका वोट भारत को तीसरे नंबर पर लाएगा। ऑटो मोबाइल में हम जापान से आगे तीसरे नंबर पर हैं। दवा बनाने में भी हम अग्रणी हैं। सबसे सस्ती और प्रभावी दवा भारत में बन रही है।
मोदी ने सिखाई पॉलिटिक्स ऑफ डिलीवरी-
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 10 साल में मोदी के नेतृत्व में राजनीति का चाल-चरित्र और चेहरा सब बदला है। पहले लोगों में उदासीनता थी, लोगों को लगता था कि कुछ बदलने वाला नहीं है, लेकिन आज वही लोग विकसित भारत का संकल्प लेकर चल रहे हैं, यही बदलता भारत है। आज भारत का स्थान दुनिया मे ऊंचा हुआ है, ये मोदी के नेतृत्व के ही कारण हुआ है। आपने 10 साल पहले किसी कांग्रेसी नेता को अपना रिपोर्ट कार्ड रखते सुना है क्या? ये रिपोर्ट कार्ड की राजनीति, पॉलिटिक्स ऑफ डिलीवरी मोदी ने सिखाई है। नड्डा ने कहा कि आज हम स्थिर सरकार की, 400 पार की बात कर रहे हैं, इसलिए गणेश सिंह का दिल्ली जाना जरूरी है। ये ताकत हमारे पास नहीं आपके वोट में है।
पेश किए विकास के आंकड़े
10 साल पहले हमारे गणपति भी चाइना से आते थे, खिलौने और पूजा की सामग्री चाइना में बनती थी। हमने साढ़े 3 गुना एक्सपोर्ट बढ़ाया। पेट्रो केमिकल इंडस्ट्री में भी हम आगे आ गए हैं। आज मोबाइल में मेड इन इंडिया लिखा है। ये है आत्मनिर्भर भारत।
1 लाख 65 हजार किमी हाईवे, 51866 किमी रेल विद्युतीकरण हुआ। मोदी के नेतृत्व में गरीब, शोषित, महिलाओं, युवाओं सबको योजनाओं के जरिए ताकत मिली है। पीएम किसान निधि अगले 5 वर्ष तक चलती रहेगी। 80 करोड़ लोगों को 5 किलो खाद्यान्न भी मिलता रहेगा। सीएम किसान निधि भी मिलती रहेगी। 10 करोड़ को उज्ज्वला गैस दी गई।
पीएम आवास योजना में अपार्टमेंट बन रहे हैं। जब 1993 में मैं विधायक बना था, तब हमें 2 आवास योजना मिलती थी। आज पीएम ने 4 करोड़ घर बना दिए। अब 3 करोड़ घर और बनाने का संकल्प लिया है। 10 करोड़ 74 लाख परिवारों को आयुष्मान का लाभ मिलेगा। किन्नरों को भी इसका लाभ मिलेगा। कोई भी 70 साल से ऊपर का बुजुर्ग आयुष्मान भारत से वंचित नहीं रहेगा।पीएम ने जो काम किए उसमें सतना भी पीछे नहीं रहा है। 155 करोड़ के काम स्मार्ट सिटी में हुए, मेडिकल काॅलेज बना। गणेश सिंह अक्सर मुझसे संसद में मांग करते थे। वंदे भारत ट्रेन मिली, 272 करोड़ की लागत से स्टेशन और 7 करोड़ की लागत से एयरपोर्ट बन रहा है। दोनों वर्ल्ड क्लास बनेंगे। हम विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। अब तो नर्मदा का पानी भी सतना आएगा और किसानों के खेत खुशहाली से भर जाएंगे। मैं भी कांग्रेसी राज में एमएलए बना था, 40 सड़कें बनाने के लिए 40 लाख मिलते थे। आज गांवों में सड़कें बनी हैं। ये विकास की कहानी है।