भाजपा ने सक्सेना को लिखा पत्र, आप के आरोप की एसीबी से जांच कराने की मांग

नयी दिल्ली 07 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना को पत्र लिखकर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों को दलबदल का प्रलोभन देने के आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के आरोप की जांच अपराध रोधी ब्यूरो (एसीबी) से कराने की मांग की है।

भाजपा ने कहा है कि यह आरोप झूठे और निराधार एवं भ्रामक है तथा सनसनी फैलाने के मकसद लगाये गये हैं। पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल के साथ-साथ आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और उनके कुछ सहयोगियों के खिलाफ भी झूठे मामला दर्ज कराने की मांग की है।

दिल्ली भाजपा के महासचिव विष्णु मित्तल ने श्री सक्सेना को लिखे पत्र में कहा, “मैं आपका ध्यान पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल,राज्यसभा सांसद संजय सिंह तथा आप के अन्य नेताओं ने संवाददाता सम्मेलन करके भाजपा पर लगाये गये बेहद गंभीर आरोप की ओर आकर्षित करना चाहता हूं। आप नेताओं ने पार्टी छोड़ने के लिए आप के सात विधायकों को भाजपा की ओर से 15-15 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिये जाने की बात कही है। उन्होंने (आप) इस संबंध में कोई साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराये हैं।” उन्होंने कहा कि आपसे अनुरोध है कि इस मामले की अपराध रोधी ब्यूरो से जांच कराने तथा झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।

गौरतलब है कि श्री सिंह ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता में कहा था कि भाजपा आप को तोड़कर सरकार बनाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए उसने आप के सात उम्मीदवारों से संपर्क कर 15-15 करोड़ रुपये लेकर पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने सभी उम्मीदवारों को सचेत रहने की सलाह देते हुए कहा कि भाजपा से जितनी भी कॉल आएं, उनकी रिकॉर्डिंग कर लें। अगर कोई मुलाकात कर पैसे का ऑफर देता है, तो हिडन कैमरे से वीडियो बना लें।

आप के राज्यसभा सांसद के इस आरोप पर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा कहा कि श्री सिंह हों या आप का कोई अन्य नेता, सबका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उन्होंने जो घटिया आरोप लगाए हैं, उसका जवाब देना होगा। दिल्ली भाजपा उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए एसीबी जा रही है। मुख्यमंत्री आतिशी अभी भी इसी तरह के एक मामले में जमानत पर हैं। श्री केजरीवाल 06 बार हमारे नेताओं से माफी मांग चुके हैं। अब श्री सिंह और बाकी लोगों की बारी है।

Next Post

विदेशी मुद्रा भंडार 1.1 अरब डॉलर की बढ़ोतरी लेकर 630.6 अरब डॉलर पर

Fri Feb 7 , 2025
मुंबई 07 फरवरी (वार्ता) स्वर्ण और विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) में बढ़ोतरी होने से 31 जनवरी को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार दूसरे सप्ताह बढ़ता हुआ 1.1 अरब डॉलर के इजाफे के साथ 630.6 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसी तरह इसके पिछले सप्ताह देश का […]

You May Like