लाइनमैन की लापरवाही से युवक को लगा करंट, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, ग्रामीणों ने किया ग्रिड का घेराव

नीमच। जिले में लाइनमैन की लापरवाही के कारण एक युवक को करंट लग गया। सेमली मेवाड़ गांव में सोमवार शाम को बिजली आपूर्ति बाधित होने पर ग्रामीणों ने लाइनमैन को सूचना दी। लाइनमैन ने बाहर होने का हवाला देते हुए ग्रामीणों को ही लाइन ठीक करने की सलाह दे दी और ग्रिड से बिजली बंद करने का परमिट ले लिया।

इसी दौरान सेमली मेवाड़ा निवासी तूफान सिंह (पिता बलवंत सिंह) बिजली ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ गए। अचानक ग्रिड से बिजली प्रवाह शुरू कर दिया गया, जिससे तूफान सिंह करंट की चपेट में आकर नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन तत्काल उन्हें नीमच के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हनुमंतिया पवार स्थित विद्युत ग्रिड का घेराव कर नारेबाजी और हंगामा किया। जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से बात कर दोषी लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

विद्युत विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लापरवाह लाइनमैन मनोहर को निलंबित कर दिया है। साथ ही पीडि़त के इलाज का पूरा खर्च लाइनमैन द्वारा वहन किए जाने का निर्णय लिया गया है। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ और उन्होंने घेराव समाप्त कर दिया।

Next Post

जिले में 12 केन्द्रों में होगी पीएससी की प्रारंभिक परीक्षा

Tue Feb 4 , 2025
नवभारत न्यूज रीवा, 4 फरवरी, मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की वर्ष 2025 की प्रारंभिक परीक्षा 16 फरवरी को आयोजित की जा रही है. परीक्षा को लेकर जिले में 12 केन्द्र बनाए गए है. परीक्षा दो पालियों में प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं दोपहर 2.15 बजे से […]

You May Like