धार, 04 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के धार जिले में राऊ-खलघाट फोरलेन के पलाश चौराहा पर एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि कल देर रात इंदौर की तरफ से आ रही कार राऊ-खलघाट फोरलेन के पलाश चौराहा पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार राजपुरा अमझेरा के निवासी मदन और इंदौर के निवासी हर्ष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आनंद, नारायण, प्रशांत निवासी राजपुरा अमझेरा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने कार में सवार लोगों को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। यहॉँ घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है। मृतकों का आज सुबह पोस्टमार्टम करने के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

