साइबर ठग पर दर्ज हुई एफआईआर
जबलपुर: साइबर अपराधी बेखौफ हो गए है, ये साइबर ठग काफी शातिर है, भोले-भाले लोगों के साथ उम्रदराज लोगों को टारगेट कर रहे है, इसके साथ हर दिन नए-नए पैंतरे भी आजमा रहे है। साइबर ठग अब इतने शातिर हो चले है कि वे बिना ओटीपी पूछे भी खातों से रकम उड़ा रहे है। ताजा मामला ग्वारीघाट थाना क्षेत्र का प्रकाश में आया जहां साइबर ठग ने एक व्यक्ति के खाते से 96 हजार 500 रूपए उड़ा लिए। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक वीनल परमार 26 वर्ष निवासी नर्मदानगर पोलीपाथर ग्वारीघाट ने लिखित शिकायत की कि उसने 21 अप्रैल 24 को फ्लिप कार्ट से डे्रस बुलवाई थी जो अभी तक अप्राप्त थी। 21 अप्रैल 24 की सुबह लगभग 11 बजे उसने गूगल से फ्लिप कार्ट का हेल्पलाईन नम्बर निकाला एवं उक्त नम्बर पर बात की तो उक्त व्यक्ति ने उसे एक एप्लीकेशन डाउनलोड करवाया जिस एप्लीकेशन पर कोड डलवाया उसके बाद उसकेे मोबाइल पर ओटीपी आया जो उसने किसी को साझा नहीं किया इसके बाद उसके बीओआई बैंक से आये मैसेज में लिखा था कि ये एमाउंट किसी विजय नाम पर क्रेडिट हुआ है । उसके बैंक एकाउण्ट से 96 हजार 500 रूपये कट गये हैं। जब उसके पास ट्रांजेक्शन के मैसेज पहुंचे तो उसके होश ही उड़ गए। पीडि़त ने मामले की शिकायत सायबर सेल में की। सायबर पुलिस ने जांच पड़ताल की जिसके बाद साइबर ठगी का केस ग्वारीघाट थाने भेज दिया गया। 2 फरवरी 2025 को ग्वारीघाट पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
