धर्मशाला में टूटा शुभमन गिल का दिल! RCB की आंधी में उड़ी गुजरात टाइटंस, कप्तान ने खुद बताया कहां हुई बड़ी चूक

धर्मशाला में आरसीबी के खिलाफ क्वालीफायर 1 में गुजरात टाइटंस को 92 रनों से करारी हार मिली। जीटी कप्तान शुभमन गिल ने खराब फील्डिंग और दबाव को हार का मुख्य कारण बताया।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के क्वालीफायर 1 में गुजरात टाइटंस (GT) को धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 92 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने माना कि खराब फील्डिंग और दबाव में की गई गलतियां टीम पर भारी पड़ीं, जिसके कारण उसे हार का सामना करना पड़ा।

इस हार के साथ ही गुजरात टाइटंस की फाइनल में सीधे पहुंचने की उम्मीदें टूट गईं। हालांकि राहत की बात ये है कि टीम के पास फाइनल में जाने का अभी एक और मौका बाकी है। वहीं, मौजूदा चैंपियन आरसीबी लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने में कामयाब हो गई है। आरसीबी के 254/5 के विशाल स्कोर के जवाब में जीटी सिर्फ 162 रनों पर ऑलआउट हो गई।

गिल ने बताई हार की वजह
मैच के बाद शुभमन गिल ने कहा कि मुझे लगता है कि हम 12वें या 13वें ओवर तक अच्छा खेल रहे थे। मुझे नहीं लगता कि हमारी फील्डिंग अच्छी थी। हमने कुछ कैच छोड़े और हमारी ग्राउंड फील्डिंग भी उम्मीद के मुताबिक अच्छी नहीं थी। टीम की हार पर बात करते हुए गिल ने इसे ऐसा मैच बताया, जिससे टीम जल्द से जल्द उबरना चाहेगी। उन्होंने कहा यह उन मैचों में से एक है, जिसे हम भूलकर मोहाली में नए सिरे से शुरुआत करना चाहेंगे।

RBC की जीत के हीरो बने रजत पाटीदार
RBC के कप्तान रजत पाटीदार ने इन छूटे हुए मौकों का गुजरात के खिलाफ जमकर फायदा उठाया और सिर्फ 39 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाए। मध्य ओवरों में मिसफील्डिंग और नो-बॉल के जरिए भी गुजरात ने रन लुटाए, जिसके चलते आरसीबी ने आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया।

मैच हारने के बाद GT के कप्तान ने कहा कि टीम अभ्यास सत्र और टीम मीटिंग में नियमित रूप से फील्डिंग पर काम करती है। गिल ने आगे कहा कि टीम मीटिंग और अभ्यास सत्रों में हम इस पर चर्चा जरूर करते हैं। जोश तो था, लेकिन दबाव में हम उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके।

चेज करते हुए संघर्ष करती नजर आई GT
बल्लेबाजी के बेहतर मानी जाने वाले धर्मशाला की पिच पर 255 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस कभी भी निश्चिंत नजर नहीं आई। टीम ने लगातार नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। गिल खुद भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर मात्र दो रन बनाकर आउट हो गए, जबकि जोस बटलर के तेज 29 रन शुरुआती संघर्ष में एकमात्र सकारात्मक पहलू रहे। इसके बाद राहुल तेवतिया ने 43 गेंदों में 68 रन बनाकर अकेले संघर्ष करते नजर आए।

Next Post

लायन पवन मलिक को ‘आउटस्टैंडिंग सेकंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर’ का प्रथम पुरस्कार

Wed May 27 , 2026
सतना:लायंस इंटरनेशनल एमडी 3233 (मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान) की चतुर्थ मल्टीपल काउंसिल मीटिंग “उत्सव” 23 मई को इंदौर स्थित रेडिसन ब्लू के सभागार में आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लायंस क्लब के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष लायन मनोज शाह (केन्या) रहे। मल्टीपल काउंसिल चेयरपर्सन लायन मनीष शाह द्वारा लायन पवन […]

You May Like