मिरामास (फ्रांस) 01 फरवरी (वार्ता) भारतीय धावक तेजस शिरसे ने दो सप्ताह में दूसरी बार एलीट इंडोर ट्रैक मिरामास मीटिंग 2025 एथलेटिक्स में दौड़ में दूसरे स्थान पर रहने के बाद पुरुषों की 60 मीटर बाधा दौड़ प्रतियोगिता में राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ने का कारनामा किया है।
पिछले सप्ताह भारतीय धावक तेजस ने लक्जमबर्ग में एक इनडोर मीटिंग में 7.65 सेकेंड का समय लेकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था। इसके बाद शुक्रवार को फ्रांस के मिरामास में तेजस शिरसे ने रिकॉर्ड को 0.01 सेकेंड से पीछे छोड़ दिया।
स्टेडियम मिरामास मेट्रोपोल में 22 वर्षीय तेजस शिरसे अपनी हीट में 7.70 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे और बाद में दिन की दौड़ में 7.64 सेकेंड का समय लेकर उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया।
स्पेन के एनरिक लोपिस ने 7.54 सेकेंड में यह दौड़ जीती जबकि पूर्व विश्व जूनियर चैंपियन फ्रांस के विल्हेम बेलोसियन 7.67 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
इस बीच, ज्योति याराजी मिरामास में महिलाओं की 60 मीटर बाधा दौड़ में 8.10 सेकेंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं, जो नैनटेस में पिछले सप्ताह के उनके राष्ट्रीय रिकॉर्ड से सिर्फ 0.06 सेकेंड कम है। फ्रांस की लैटिसिया बाप्टे ने 7.93 सेकेंड में यह दौड़ जीती। इससे पहले ज्योति अपनी हीट में 8.20 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
