
भोपाल, 1 फरवरी. टीला जमालपुरा पुलिस ने इलाके में तोडफ़ोड़, मारपीट और चाकूबाजी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने तीन दिनों के अंदर तीन लोगों के साथ मारपीट की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी. थाना प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि राममंदिर के पास टीला जमालपुरा में रहने वाले राज शर्मा के साथ आरोपी आर्यन पंथी और उसके साथियों ने अड़ीबाजी करते हुए मारपीट की थी. इसी प्रकार संजय नगर शाहजहांनाबाद निवासी महेंद्र मालवीय के साथ भी मारपीट और चाकूबाजी की घटना हुई थी. राज शर्मा ने जब थाने में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करवाया तो तीसरे दिन उसके साथ दोबारा से मारपीट की गई. बदमाशों द्वारा लगातार की जा रही आपराधिक घटनाओं के चलते एक विशेष टीम बनाकर उनकी धरपकड़ में लगाया गया था. पुलिस टीमों ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों के नाम आर्यन पंथी, अर्जुन सिंह, अभिषेक यादव, लक्की शर्मा, नितिन साहू, अमन सिंह और नीरज साहू बताए गए हैं. आरोपियों के पास वारदात में प्रयुक्त 2 स्कूटर, चाकू-छुरी और डंडे जब्त किए गए हैं.
