भोपाल, 01 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से आज प्रस्तुत किए केंद्रीय बजट को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि ये बजट विकसित भारत के संकल्पों को सिद्ध करने वाला है।
डॉ यादव ने अपनी प्रतिक्रिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2025-26 विकसित भारत के संकल्पों को सिद्ध करने वाला है।
उन्होंने कहा कि ये कल्याणकारी, सर्वस्पर्शी और समावेशी बजट देश के गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के समग्र विकास के साथ स्टार्टअप्स, इनोवेशन तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विभिन्न क्षेत्रों को समाहित करते हुए, अंत्योदय की भावना और नवोन्मेष की नव-दृष्टि से परिपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि बजट में 12 लाख रुपए तक की वार्षिक आय को कर मुक्त करने का निर्णय अभिनंदनीय है। बीते एक दशक में प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने जो समृद्धि के नए आयाम स्थापित किए हैं, उसमें देश के मध्यम वर्ग का परिश्रम और सामर्थ्य सम्मिलित है। निश्चित ही प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में किया गया यह निर्णय मध्यम वर्ग की आशाओं और आकांक्षाओं को उड़ान देने के साथ उन्हें सशक्त बनाने में निर्णायक सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के कल्याण तथा भारत को आत्मनिर्भर बनाने वाले इस बजट के लिए वे प्रधानमंत्री श्री मोदी और वित्त मंत्री श्रीमती सीतामरण का हार्दिक अभिनंदन करते हैं।
