ओवरनाइट एक्सप्रेस में महिला के 5 लाख के जेवरात चोरी 

चलती ट्रेनों में नहीं थम रही चोरी की वारदातें

भोपाल, 31 जनवरी. राजधानी के गुजरने वाली यात्री ट्रेनों में चोरी की वारदातें थम नहीं रही हैं. ओवरनाइट एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला का पर्स चोरी हो गया. चोरी गए पर्स में करीब 5 लाख रुपए कीमत के जेवरात रखे हुए थे. इसी प्रकार कई अन्य ट्रेनों में सफर के दौरान यात्रियों के मोबाइल फोन समेत हजारों का सामान चोरी चला गया. जानकारी के अनुसार देवास में रहने वाली एक महिला पिछले दिनों अपने पति के साथ ओवरनाइट एक्सप्रेस के एसी कोच में देवास से जबलपुर की यात्रा कर रही थी. यात्रा के दौरान दंपति अपनी सीटों पर सो गए थे. भोपाल स्टेशन आने से पहले नींद खुली तो महिला का एक पर्स चोरी हो चुका था. चोरी गए पर्स के अंदर एक छोटा पर्स रखा हुआ था, जिसमें 40 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र, 40 ग्राम वजनी सोने की चूडिय़ां, 12 ग्राम वजनी सोने की चैन, सोने के टॉप्स, एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड, ड्रायविंग लायसेंस, आधार कार्ड समेत करीब करीब 5 लाख रुपये का सामान रखा हुआ था. घटना की सूचना क्यूआईआरटी को दी गई थी, जिसने केस दर्ज कर डायरी भोपाल भेजी, जहां असल कायमी कर ली गई है.

बैग समेत 21 हजार का माल चोरी

भोपाल निवासी रोहित कुकरेजा अपनी पत्नी के साथ पांडुचोरी एक्सप्रेस के एसी कोच में नई दिल्ली से भोपाल की यात्रा कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने अपना पिट्ठू बैग सामने वाली टेबिल पर रख दिया था. भोपाल स्टेशन आने से करीब पंद्रह मिनट पहले उनकी नींद खुली तो बैग गायब था. चोरी गए बैग के अंदर 15 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन, एक पर्स जिसमें नकदी 6 हजार रुपए, टाइटन घड़ी, चार्जर और इस्तेमाली कपड़े समेत अन्य सामान रखा हुआ था. इसी प्रकार नागपुर निवासी संतोष बाजीराव अंबागड़े पिछले दिनों अपने दोस्तों के साथ जीटी एक्सप्रेस में मथुरा से नागपुर की यात्रा कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने अपना मोबाइल फोन चार्जिंग पाइंट पर लगाया था. भोपाल स्टेशन के आसपास रात के समय किसी ने उनका मोबाइल फोन चोरी कर लिया. चोरी गए मोबाइल की कीमत 19 हजार रुपए बताई गई है.

जेब से मोबाइल-पर्स उड़ाया

बीना निवासी देवीसिंह सेठ राज्यरानी एक्सप्रेस में बीना से भोपाल की यात्रा कर रहा था. भोपाल स्टेशन पर उतरने के बाद देखा तो पैंट की जेब में रखा मोबाइल फोन और पर्स गायब था. पर्स के अंदर नकदी 6 हजार रुपये, आधार कार्ड, पैनकार्ड, वोटर आईडी, एटीएम कार्ड, पैन ड्राइव समेत कुल 20 हजार का सामान रखा हुआ था. इसी प्रकार उत्तर प्रदेश निवासी सौम्य तिवारी तुलसी एक्सप्रेस में प्रतापगढ़ से मुंबई की यात्रा कर रहा था. ललितपुर स्टेशन निकलने के बाद उसकी नींद खुली तो चार्जिंग पाइंट पर लगा मोबाइल फोन चोरी हो चुका था. जीआरपी ने सभी मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Next Post

महिलाओं के जेवरात चुराने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार 

Fri Jan 31 , 2025
श्रीधाम एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेन में हुई थी वारदात जीआरपी ग्वालियर ने दोनों आरोपियों को दबोचा भोपाल, 31 जनवरी. पुलिस अधीक्षक रेल राहुल कुमार लोढ़ा द्वारा ट्रेनों में होने वाली चोरी की घटनाओं को रोकने और बदमाशों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे. इसी के तहत जीआरपी ग्वालियर की […]

You May Like