महाकुंभ की दुखद घटना पर कांग्रेस की राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण: शर्मा

जबलपुर, 30 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि वह महाकुंभ की दुर्घटना पर भी राजनीति कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
श्री शर्मा ने यहां मीडिया से चर्चा कहा कि महाकुंभ में हुई दुर्घटना दुखद है। लेकिन कांग्रेस इस दुखद घटना पर भी राजनीति कर रही है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। जो लोग हताहत हुए हैं, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार स्थिति व व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारें सनातन व सामाजिक समरसता की ताकत को मजबूत कर रही हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए बहुत अच्छे और पर्याप्त इंतजाम किए हैं। लेकिन यह दुनिया का सबसे बड़ा आयोजन है और लोगों की आस्था से जुड़ा है। मौनी अमावस्या के पावन पर्व पर यहां श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिसके कारण यह घटना हुई। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं। ऐसे में अगर किसी वजह से कोई अप्रिय घटना हो जाती है, तो उसे उसी रूप में देखना चाहिए। प्रयागराज महाकुंभ में करोड़ों-करोड़ श्रद्धालु प्रतिदिन स्नान कर रहे हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस इस दुखद घटना पर भी राजनीति कर रही है, क्योंकि सनातन धर्म, हिंदुत्व और उससे जुड़ी परंपराओं को बदनाम करना, उन पर आक्रमण करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। अभी हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महू में कहा था कि स्नान करने से क्या होता है। सनातन पर हमला करने का यही काम श्री राहुल गांधी कर रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस शुरू से सनातन पर आक्रमण करती रही है और हम सनातन को मानने वाले लोग हमेशा अपने-आपको बलिदान करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पिताजी तो राम मंदिर आंदोलन के समय मुख्यमंत्री थे, जिन्होंने निहत्थे लोगों पर गोलियां चलवा दी थी। जिस तरह की बातें ये सनातन के खिलाफ करते रहे हैं, किसी अन्य धर्म के बारे में करके दिखाएं। श्री शर्मा ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस और उसके सहयोगियों के सनातन विरोधी चेहरे को पहचानती है और वही उन्हें जवाब देगी।
श्री शर्मा ने श्री राहुल गांधी द्वारा जातिगत जनगणना की बात को लेकर कहा कि कांग्रेस कुछ नहीं करने वाली। कांग्रेस में आज भी अंग्रेजों के जींस हैं और वह भी अंग्रेजों की ही तरह फूट डालो और राज करो की नीति पर चल रही है। कांग्रेस हमारे देश और समाज को बांटना चाहती है। जातिगत जनगणना की बात करना भी कांग्रेस का ऐसा ही पैंतरा है।

Next Post

धर्म विशेष की शिक्षा के लिये दुष्प्रेरित करने वाली छात्रावास अधीक्षिका निलंबित

Thu Jan 30 , 2025
खरगोन, 30 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के भीकन गांव क्षेत्र में एक शासकीय छात्रावास की अधीक्षिका को विद्यार्थियों को अन्य धर्म की शिक्षा के लिए दुष्प्रेरित करने व प्रताड़ित करने के आरोप में आज निलंबित कर दिया गया है। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग प्रशांत कुमार आर्य ने […]

You May Like